एक तरफ DGP की हाई लेवल मीटिंग, दूसरी तरफ गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा ये इलाका
एक ओर पुलिस महकमा, अपराध पर अंकुश लगाने के दावे कर रहा है वहीं दूसरी ओर अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं. ऐसे में जमशेदपुर में बढ़ते अपराध को लेकर एक ओर डीजीपी तदाशा मिश्रा ने वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ हाईलेवल क्राइम मीटिंग कर रही थी वहीं दूसरी ओर इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): एक ओर पुलिस महकमा, अपराध पर अंकुश लगाने के दावे कर रहा है वहीं दूसरी ओर अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं. ऐसे में जमशेदपुर में बढ़ते अपराध को लेकर एक ओर डीजीपी तदाशा मिश्रा ने वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ हाईलेवल क्राइम मीटिंग कर रही थी वहीं दूसरी ओर इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा. बैठक में हाल के आपराधिक मामलों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गयी जहां बैठक खत्म होने के कुछ ही घंटे बाद सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना सामने आई है.
गुरुवार देर रात करीब 11 बजे ओल्ड बाराद्वारी के फुलबस्ती इलाके में स्कूटी सवार दो युवकों ने मो. राजा पर कथित तौर पर चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी. इस घटना में राजा की बांह में दो गोलियां लगीं. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी सफेद रंग की स्कूटी से एमजीएम अस्पताल मोड़ की तरफ भाग निकले. राजा रात में अपने घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था. इसी दौरान सफेद स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उस पर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक गोलियां चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. गोली लगने के बाद राजा जमीन पर गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गये. घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान दो खोखे बरामद किए हैं. घायल राजा को इलाज के लिए तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी है.
घायल राजा ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच बाराद्वारी स्थित देवनगर आश्रम के पास उसका इस्मायलु और काशीडीह निवासी कोदू के साथ विवाद हुआ था. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर भीड़ जमा हो गयी. राजा के मुताबिक, उसके साथ मारपीट भी की गयी. इसके बाद उसने अपने दोस्तों को फोन कर मदद मांगी और किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंच गया. राजा का आरोप है कि रात में वह घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी इस्मायलु और कोदू सफेद स्कूटी से वहां पहुंचे और उस पर गोली चला दी. फिलहाल पुलिस ने घायल युवक के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद इलाके में पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गयी है. डीजीपी की क्राइम मीटिंग के कुछ घंटे बाद हुई इस फायरिंग ने जमशेदपुर में अपराध नियंत्रण को लेकर चल रही कवायद के बीच एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चर्चा में ला दिया है.