कार्तिक पूर्णिमा पर जमशेदपुर के नदी घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सोनारी दोमुहानी संगम पर सरयू राय ने लगाई डुबकी
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर जमशेदपुर में आस्था और श्रद्धा का अनूठा नजारा देखने को मिला. सुबह से ही शहर के अलग-अलग नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सोनारी स्थित दोमुहानी में स्वर्णरेखा और खरकई नदी के संगम पर हजारों की संख्या में लोग पुण्य स्नान करने पहुंचे. इस दौरान बच्चे, महिलाएं और पुरुष सुबह से ही नदी में आस्था की डुबकी लगाते नजर आए.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर जमशेदपुर में आस्था और श्रद्धा का अनूठा नजारा देखने को मिला. सुबह से ही शहर के अलग-अलग नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सोनारी स्थित दोमुहानी में स्वर्णरेखा और खरकई नदी के संगम पर हजारों की संख्या में लोग पुण्य स्नान करने पहुंचे. इस दौरान बच्चे, महिलाएं और पुरुष सुबह से ही नदी में आस्था की डुबकी लगाते नजर आए. स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और नदी किनारे दान-पुण्य किया. ऐसे में जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय ने भी नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना की. साथ ही राज्य व शहरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को कार्तिक पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं.
सुबह से ही नदी घाटों पर जुटने लगे श्रद्धालु
कार्तिक पूर्णिमा को हिंदू धर्म में विशेष महत्व दिया जाता है. मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदी में स्नान और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है. इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में लोग सुबह होने से पहले ही नदी घाटों पर पहुंचने लगे थे. दोमुहानी संगम पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिली. लोगों ने नदी में डुबकी लगाने के बाद भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
एक बार फिर दिखा धार्मिक उत्साह
छठ महापर्व के बाद कार्तिक पूर्णिमा पर एक बार फिर नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की ऐसी भीड़ देखने को मिली. लोगों का मानना है कि इस दिन स्नान, पूजा और दान करने से विशेष फल मिलता है. सुबह से ही घाटों पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा. वहीं, नदी किनारे लगे अस्थायी मेलों में भी लोगों की खूब चहल-पहल देखने को मिली. स्नान और पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने गर्मागर्म जलेबी, मिठाइयों और अन्य पकवानों का आनंद लिया. कई परिवारों ने बच्चों के साथ मेले में खरीदारी भी की.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे. नदी घाटों पर लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाएं की गईं. वहीं, भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात को नियंत्रित करने के लिए बड़े वाहनों की नो एंट्री लागू की गई, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो. प्रशासन की कोशिश रही कि कार्तिक पूर्णिमा का स्नान शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो. पूरे दिन नदी घाटों पर श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा.