जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में चौथे दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है. विश्वविद्यालय परिसर में 7 अगस्त को भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा. दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की डिग्री पूरी करने वाले 1600 से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी. वहीं, पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण और रजत पदक देकर सम्मानित किया जाएगा. समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. दीक्षांत समारोह का निमंत्रण देने के लिए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कुछ दिन पहले रांची स्थित राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को चौथे दीक्षांत समारोह में शामिल होने का निमंत्रण सौंपा. बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों और आने वाले समय की योजनाओं पर भी चर्चा हुई. विवि की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस बार 34 अलग-अलग पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी. वर्ष 2025 के शैक्षणिक सत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 40 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और 40 विद्यार्थियों को रजत पदक मिलेगा. इसके अलावा 36 शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की जाएगी.
मेहनत और उपलब्धि का सम्मान है दीक्षांत समारोह
कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है. यह सिर्फ डिग्री हासिल करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और लगन को सम्मान देने का अवसर है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और उद्योग की जरूरत के अनुरूप कौशल विकसित करने पर लगातार जोर दे रहा है. उन्होंने कहा कि डिग्री हासिल करने के बाद विद्यार्थियों के सामने नई जिम्मेदारियां और अवसर होंगे. विश्वविद्यालय अपने पूर्व छात्रों की उपलब्धियों को हमेशा गर्व के साथ देखता है और उनके बेहतर भविष्य के लिए आगे भी सहयोग करता रहेगा. उन्होंने सभी डिग्री और पदक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं.
आयोजन को यादगार बनाने में जुटा विवि
दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक, शिक्षक, शिक्षाविद, उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है. समारोह को व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अलग-अलग समितियों का गठन किया है. अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा, मंच संचालन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, डिग्री वितरण, यातायात और आवागमन समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि चौथा दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव बने और विश्वविद्यालय के इतिहास में इसे एक महत्वपूर्ण आयोजन के तौर पर दर्ज किया जा सके.

