विश्व मधुमेह दिवस पर NSIN ने लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर, ग्रामीणों की हुई ब्लड शुगर स्क्रीनिंग
मधुमेह दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, जमशेदपुर की ओर से शनिवार को बालिगुमा अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर (यूपीएचसी) में स्वास्थ्य जांच शिविर, ब्लड शुगर स्क्रीनिंग एवं मधुमेह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज’ (मधुमेह पर समय रहते कार्रवाई) रखी गई. कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि मधुमेह से बचाव और बेहतर प्रबंधन के लिए जागरूकता, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): मधुमेह दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, जमशेदपुर की ओर से शनिवार को बालिगुमा अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर (यूपीएचसी) में स्वास्थ्य जांच शिविर, ब्लड शुगर स्क्रीनिंग एवं मधुमेह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज’ (मधुमेह पर समय रहते कार्रवाई) रखी गई. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय के लोगों को मधुमेह के प्रति जागरूक करना, बीमारी की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना तथा इसके बचाव और बेहतर प्रबंधन के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति प्रेरित करना था. शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया.

स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया गया. इसमें बीएससी नर्सिंग, एएनएम एवं जीएनएम के विद्यार्थियों के साथ नर्सिंग संकाय के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई. स्वास्थ्य शिविर के दौरान ग्रामीणों की ब्लड शुगर जांच, रक्तचाप मापन, लंबाई एवं वजन की जांच तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. इसके साथ ही लोगों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श भी दिया गया.
डॉ. सुषमा रानी ने की सराहना
कार्यक्रम में डॉ. सुषमा रानी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ. उन्होंने संस्थान के इस सामुदायिक स्वास्थ्य प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि मधुमेह जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारी के प्रति जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य जांच अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने ग्रामीणों से बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की. उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए मधुमेह से संबंधित कई प्रचलित भ्रांतियों और गलत धारणाओं को भी दूर किया.

चलाया जागरूकता अभियान
जागरूकता सत्र के दौरान मधुमेह के प्रमुख जोखिम कारकों, शुरुआती लक्षणों, बचाव के उपायों, संतुलित खानपान, नियमित शारीरिक गतिविधियों और बीमारी के उचित प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई. ग्रामीणों को बताया गया कि अत्यधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, असामान्य थकान और बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना मधुमेह के संभावित लक्षण हो सकते हैं. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह और आवश्यक जांच कराना जरूरी है. साथ ही नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, वजन नियंत्रण और समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया.
कुलाधिपति ने किया जागरूक
इस अवसर पर नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा स्वस्थ समाज का निर्माण तभी संभव है, जब लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समय रहते बीमारी की पहचान करने की समझ विकसित हो. मधुमेह आज एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन चुका है. ऐसे में विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के बीच जाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है. इस प्रकार के सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रम समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं.
कुशल स्वास्थ्यकर्मी बनने का उद्देश
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने कहा नर्सिंग शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल सैद्धांतिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से एक संवेदनशील और कुशल स्वास्थ्यकर्मी के रूप में तैयार करना है. ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों को मरीजों से सीधे संवाद करने, स्वास्थ्य परीक्षण करने और जनसमुदाय को जागरूक करने का अवसर प्रदान करते हैं. मधुमेह की रोकथाम और नियंत्रण के लिए नियमित जांच, सही खानपान तथा अनुशासित जीवनशैली बेहद महत्वपूर्ण हैं.

विद्यार्थियों को हर पहलू समझने का अवसर
इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सामुदायिक स्वास्थ्य के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिला. उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण, मरीजों से संवाद, स्वास्थ्य परामर्श और मधुमेह स्क्रीनिंग की प्रक्रियाओं में सक्रिय भूमिका निभाई. इससे उनके पेशेवर कौशल, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूती मिली.
जीवनशैली स्वस्थ बनाना जरूरी
कार्यक्रम के समापन पर संस्थान ने सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल भविष्य में भी जारी रहेंगी. कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि मधुमेह से बचाव और बेहतर प्रबंधन के लिए जागरूकता, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है.