जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की पुलिस के सामने हत्या और शहर में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में एनडीए का जमशेदपुर बंद सफल रहा. शहर के कई प्रमुख बाजार के दुकानदारों व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने स्वेच्छा से बंद का समर्थन किया. दिन बाहर अपने दुकान का शटर बंद रखा. वहीं, कुछ जगहों पर दुकानें खुली होने से बंद समर्थकों की दुकानदारों से हल्की नोंकझोंक भी हुई. बिष्टुपुर में बंद समर्थकों की पुलिस से भी नोक झोंक हुई. शुक्रवार सुबह से ही बंद समर्थक बाजारों को बंद कराने के लिए निकले. इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई. एनडीए के कई बड़े नेता भी सड़क पर उतरे और विरोध जताया. सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्वी के विधायक सरयू राय, भाजपा प्रवक्ता अभय सिंह समेत कई नेता बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे. जगह जगह प्रदर्शन किया गया. बंद के दौरान कहीं भी उपद्रव या अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. वहीं, बंद को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा. डीसी, एसएसपी, सिटी एसपी, एसडीएम समेत अन्य अधिकारी घूम घूम कर विधि व्यवस्था देखते रहे. सुरक्षा को लेकर शहर भर में 2 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए थे. भाजपा, आजसू और जदयू के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और बाजार बंद कराया.
4 बजे के बाद खुलने लगी दुकानें
शाम होते ही स्थिति सामान्य होने लगी. दुकानें खुलने लगी और सड़क पर आवागमन सामान्य हो गया. चौक चौराहों से पुलिस बल हटा लिया गया और बंद समर्थक भी वापस लौट गए. वहीं, बंदी के कारण बस और ट्रेन के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. ऑटो और अन्य सवारी गाड़ी नहीं चलने के कारण लोगों को बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पहुंचने में परेशानी हुई. साकची गोलचक्कर, बिस्टुपुर गोलचक्कर समेत अन्य प्रमुख गोलचक्करों पर बंद समर्थकों ने प्रदर्शन किया. भाजपा कार्यकर्ता शहर के सभी मंडलों में बाजार को बंद कराने के लिए निकले.
जानिए किसने क्या कहा
शहर में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा: सांसद
सांसद विद्युत वरण महतो ने साकची गोलचक्कर पर प्रदर्शन किया. साकची स्थित भाजपा के जिला कार्यालय से वे समर्थकों के साथ पैदल साकची गोलचक्कर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले 6-7 वर्षों में शहर में अपराध का ग्राफ काफी बढ़ा है. उन्होंने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते करते हुए कहा कि शहर को 'क्राइम जोन' बना दिया गया है. हत्या, लूट और छिनतई जैसी घटनाएं आम हो गई हैं. पुलिस के सामने हुई हिमांशु की जघन्य हत्या प्रशासन की बड़ी विफलता है. उन्होंने कहा कि बंद का समर्थन जनता ने किया है. लोगों ने अपनी इच्छा से दुकानें बंद रखी. इस बंद का मुख्य उद्देश्य सोई हुई सरकार को जगाना है ताकि कानून-व्यवस्था दुरुस्त हो सके. यदि सरकार अब भी नहीं चेती तो आंदोलन के और भी कई रास्ते खुले हैं.
ऐतिहासिक रहा जमशेदपुर बंद: रघुवर दास
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि शहर में बढ़ते अपराध को लेकर भाजपा द्वारा बुलाया गया जमशेदपुर बंद ऐतिहासिक रहा. राज्य की जनता सरकार की नीतियों और विधि-व्यवस्था की स्थिति से बेहद आक्रोशित एवं त्रस्त है. जनता अब मूकदर्शक बनकर रहने वाली नहीं है और लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए आवाज बुलंद कर रही है. जमशेदपुर की जनता ने इस बंद को सफल बनाकर सीधा संदेश दिया है कि शहर में बढ़ते अपराध को स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने बंद को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, व्यापारी वर्ग के प्रति आभार व्यक्त किया है. शासन-प्रशासन को अपनी कार्यशैली में सुधार लाना होगा.
बंद को जनता ने दिया समर्थन: सरयू
पश्चिम के विधायक सरयू राय अपने समर्थकों के साथ सोनारी, बिस्टुपुर, मानगो, साकची में बाजार बंद कराने के लिए निकले. बाइक पर वे अपने समर्थकों का साथ बंद कराने के लिए निकले. सरयू राय ने कहा कि बंद सफल रहा. जनता से खुद से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे. सड़कें सुनी रही. उन्होंने कहा कि यह आम बंदी है. जिन मुद्दों को लेकर शहर बंद किया गया उन मुद्दों को शहर की जनता ने अपना मान बंद का समर्थन किया. का समर्थन किया. शहर में लगातार अपराध बढ़ रहा है. जिले में नए पुलिस के कप्तान आए हैं. देखना होगा कि वे शहर को किस तरीके से सुव्यवस्थित करते हैं.

