जमशेदपुर में हत्या की साजिश नाकाम, हथियार के साथ चार गिरफ्तार, बिहार से बुलाए गए थे शूटर

जुगसलाई पुलिस की कार्रवाई में लोडेड पिस्तौल, रिवॉल्वर, 23 जिंदा कारतूस समेत हथियार बरामद. कारोबारी रंजिश में हत्या की योजना बनाने का पुलिस का दावा, SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब ने किया खुलासा.

जमशेदपुर में हत्या की साजिश नाकाम, हथियार के साथ चार गिरफ्तार, बिहार से बुलाए गए थे शूटर

जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में हत्या की योजना बना रहे चार लोगों को पुलिस ने हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. शनिवार को एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी. पुलिस के अनुसार हत्या को अंजाम देने के लिए बिहार से अपराधियों को बुलाया गया था, लेकिन वारदात से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर चार आरोपियों को दबोच लिया.

पुलिस के मुताबिक गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई थाना क्षेत्र के खरकई रेलवे ब्रिज के पास कुछ लोग हथियार के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई. पुलिस ने मौके से राजेश कुमार साव, मन्नू कुमार, प्रतीक कुमार और विकास कुमार सिंह उर्फ रितिक को गिरफ्तार किया.

कारोबारी रंजिश में हत्या की योजना का दावा

पुलिस की पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार राजेश कुमार साव ने मन्नू कुमार के साथ मिलकर प्रतीक कुमार के माध्यम से बिहार से शूटर बुलाए थे. पुलिस का दावा है कि जुगसलाई क्षेत्र में व्यवसायी वर्ग के कुछ लोगों के साथ पुराने विवाद को लेकर हत्या की योजना बनाई गई थी. हालांकि इस साजिश से जुड़े तथ्यों की आगे जांच की जा रही है.

पुलिस के अनुसार राजेश कुमार साव का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ सोनारी और कदमा थाने में मामले दर्ज हैं.

पिस्टल-रिवॉल्वर और 23 जिंदा कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड लोहे की देसी पिस्तौल, एक लोडेड लोहे का रिवॉल्वर, 23 जिंदा कारतूस, दो खोखे और पांच मोबाइल फोन बरामद करने की जानकारी दी है.

मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 82/26, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 के तहत संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. छापेमारी टीम में डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खान समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.