जमशेदपुर: बहरागोड़ा में 5 दिनों से नाबालिग लापता, परिजनों ने पोस्ट ऑफिस के चपरासी पर लगाया ये गंभीर आरोप

जमशेदपुर: बहरागोड़ा में 5 दिनों से नाबालिग लापता, परिजनों ने पोस्ट ऑफिस के चपरासी पर लगाया ये गंभीर आरोप

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत बरसोल थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है.घटना के बाद से परिजन काफी परेशान है और लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए है. काफी खोजबीन के बावजूद जब लड़की का कोई सुराग नहीं मिला, तो उसके पिता मुक्ति कुमार सोम ने बरसोल थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई.शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

15 जुलाई की रात अचानक गायब हो गई थी नाबालिग 

पुलिस को दिए गए आवेदन में लड़की के पिता ने बताया कि बीते 15 जुलाई की रात उनकी नाबालिग बेटी अचानक घर से लापता हो गई.देर रात तक उसके घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई.इसके बाद परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने आसपास के इलाकों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन नाबालिग का कोई पता नहीं चल सका.तलाश के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि गोपालपुर पोस्ट ऑफिस में कार्यरत पिऑन सुनील शर्मा उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है.इसके बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई.मामले की गंभीरता को देखते हुए लड़की के पिता ने बरसोल थाना में लिखित शिकायत देकर पुलिस से नाबालिग बेटी को जल्द से जल्द बरामद करने और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

पढ़े मामले पर पुलिस ने क्या कहा

इस संबंध में बरसोल थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि नाबालिग लड़की के लापता होने की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई है. शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.उन्होंने बताया कि लड़की की तलाश के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है.मोबाइल लोकेशन के आधार पर टेक्निकल सेल की भी मदद ली जा रही है, ताकि नाबालिग तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके.थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस मामले में हर संभव प्रयास कर रही है. पुलिस का प्रयास है कि नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद किया जाए.साथ ही, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की जांच और नाबालिग की बरामदगी के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

रिपोर्ट-अरुण बारिक