जमशेदपुर (Jamshedpur): हटिया- टाटा एक्सप्रेस में महिला की हत्या मामले का खुलासा टाटानगर रेल पुलिस ने कर लिया है. इस मामले में बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी ऋषभ (20) को गिरफ्तार किया गया है. बुधवार को रेल पुलिस ने मामले का खुलासा किया. पूछताछ में आरोपी ने महिला की हत्या की बात स्वीकारी. उसने बताया कि शादी का दवाब बनाने पर ट्रेन में ही उसके अपनी प्रेमिका की हत्या की और मौके से भाग निकला. 6 जून को रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला माला देवी ( 27) हटिया - टाटा एक्सप्रेस ट्रेन में घायल अवस्था में मिली थी. 15 जून को एमजीएम में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. आरोपी ने मोबाइल के चार्जर से उसका गला घोंट दिया. इससे पहले आरोपी ने महिला के साथ मारपीट भी की थी. उसे मरा हुआ समझ आरोपी मौके से भाग निकला था. रेल पुलिस ने महिला को यार्ड में खड़ी ट्रेन से घायल अवस्था में बरामद किया था. महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई गई थी. रेल पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है.
पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि माला देवी से उसका प्रेम संबंध था. उसने शादी करने की बात महिला से कही थी. लेकिन बाद में वह महिला से शादी नहीं करना चाहता था. लेकिन माला लगातार शादी का दवाब बना रही थी. इसके बाद उसने माला की हत्या की साजिश रची. 5 जून को वह माला को रांची से टाटानगर लेकर आया. दिनों रेल ट्रेड में खड़ी ट्रेन में गए. वहां दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद उसने पहले माला के साथ मारपीट की और फिर मोबाइल के चार्जर से उसका गला दबा दिया. उसे मृत समझ आरोपी मौके से भाग निकला. 30 जून को जांच के दौरान रेल पुलिस को पता चला कि बरियातू थाना में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है. रेल पुलिस और आरपीएफ ने संयुक्त अभियान 'रेल प्रहरी' के तहत इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया. रेल पुलिस ने टाटानगर और रांची रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में महिला युवक के साथ स्टेशन पहुंचकर ट्रेन में चढ़ती दिखाई दी. इसी दौरान युवक ने स्टेशन के एक स्टॉल से पानी खरीदा और यूपीआई के जरिए भुगतान किया. पुलिस ने भुगतान से जुड़े यूटीआर नंबर के आधार पर बैंक और मोबाइल की जानकारी जुटाई. बिष्टुपुर साइबर थाना की मदद से तकनीकी जांच करते हुए पुलिस आरोपी के दूसरे मोबाइल नंबर, फोटो और लोकेशन तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया.

