जमशेदपुर में नकली सिगरेट के बड़े नेटवर्क का खुलासा, 39 लाख की खेप जब्त

जमशेदपुर में नकली सिगरेट के बड़े नेटवर्क का खुलासा, 39 लाख की खेप जब्त

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): जमशेदपुर पुलिस ने शहर में चल रहे नकली सिगरेट के कारोबार का बड़ा खुलासा करते हुए करीब 39 लाख रुपये की डुप्लीकेट सिगरेट जब्त की है. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने वाले तीन मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

शहर के अलग-अलग इलाकों में नकली सिगरेट की सप्लाई किए जाने की सूचना काफी समय से मिल रही थी. सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. इस टीम की निगरानी पुलिस अधीक्षक (नगर) ने की, जबकि अभियान का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी ने किया.

योजना के तहत पुलिस टीम ग्राहक बनकर मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-17 स्थित केरला पब्लिक स्कूल के पीछे पहुंची. कुछ ही देर बाद स्कूटी से सिगरेट की खेप लेकर पहुंचे दो युवकों को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उनके पास से 500 पैकेट नकली सिगरेट और एक स्कूटी बरामद हुई.

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने कई अहम जानकारियां दीं. उन्होंने बताया कि नकली सिगरेट कपाली के इस्लामनगर इलाके में बने एक गोदाम में रखी जाती थी. वहीं से उसे शहर की अलग-अलग दुकानों तक पहुंचाया जाता था. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गोदाम में छापेमारी की. वहां 19 प्लास्टिक के बोरों में बड़ी मात्रा में नकली सिगरेट रखी हुई थी. पुलिस ने कुल 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट जब्त की, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई गई है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उवैद अंसारी और एहतेशाम शमीम के रूप में हुई है. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस पूरे कारोबार के पीछे वली आजम, शहनवाज दानिश और एस.के. परवेज की भूमिका सामने आई है. हालांकि छापेमारी के दौरान ये तीनों मौके से फरार मिले. पुलिस का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.

इस मामले में मानगो थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा नकली सिगरेट की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

रिपोर्ट - रोहित सिंह