जमशेदपुर में बड़ा हादसा, दमकल वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत

जमशेदपुर में बड़ा हादसा, दमकल वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR):  जमशेदपुर के व्यस्त बिस्टुपुर के टीएमएच गोलचक्कर पर सोमवार को हुए एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. सोमवार की दोपहर दमकल वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान जुगसलाई पीबी रोड निवासी मो. हुसाम अख्तर के रूप में हुई है. मो. हुसाम अख्तर अपनी बाइक से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहे थे. उसी समय एक दमकल वाहन बिष्टुपुर की दिशा में जा रहा था. टीएमएच गोलचक्कर के पास दोनों वाहन आमने-सामने आ गए, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दमकल वाहन के नीचे चली गई. हादसे में युवक वाहन के पहिए की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. इसके बाद लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से घायल युवक को घटनास्थल से निकालकर टेंपो के माध्यम से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया.
अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे. युवक की मौत की खबर सुनकर परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी कर रही है. बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. बाइक और दमकल वाहन को जब्त कर लिया गया है. इधर, इस घटना से गोलचक्कर जैसे व्यस्त स्थानों पर यातायात सुरक्षा को लेकर भी एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं.