जमशेदपुर : पांच दिन से अंतिम संस्कार का इंतजार, टाटा मोटर्स गेट पर झामुमो ने खोला मोर्चा

टाटा मोटर्स में कार्यरत कर्मचारी की मौत के 5 दिन बाद भी अंतिम संस्कार नहीं होने पर झामुमो ने किया धरना-प्रदर्शन, प्रबंधन से की न्याय की मांग.

जमशेदपुर : पांच दिन से अंतिम संस्कार का इंतजार, टाटा मोटर्स गेट पर झामुमो ने खोला मोर्चा

जमशेदपुर. टाटा मोटर्स में कार्यरत एक कर्मचारी की मौत के पांच दिन बाद भी शव का अंतिम संस्कार नहीं होने और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलने के विरोध में बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने टाटा मोटर्स गेट पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया. जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कंपनी प्रबंधन से पीड़ित परिवार की मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की.

धरना-प्रदर्शन में पूर्व सांसद सुमन महतो सहित झामुमो के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि मृतक टाटा मोटर्स का कर्मचारी था. ऐसे में मानवीय आधार पर कंपनी प्रबंधन को पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आना चाहिए. पार्टी ने परिवार की मांगों को गंभीरता से लेते हुए हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया.

झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन की ओर से मामले में लगातार टालमटोल किया जा रहा है. मौखिक आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है. पांच दिन बीत जाने के बाद भी परिवार को न्याय और उचित सहायता के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार इस समय गहरे दुख और आर्थिक संकट से गुजर रहा है. ऐसे में प्रबंधन को संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए परिवार की मांगों पर जल्द निर्णय लेना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की मांगें कोई असाधारण मांग नहीं हैं, बल्कि पीड़ित परिवार को उचित सहायता और न्याय दिलाने से जुड़ी हैं.

झामुमो नेताओं ने कंपनी प्रबंधन से वार्ता कर मामले का शीघ्र समाधान निकालने की अपील की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की जाती है, तो पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी. नेताओं ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.अब सबकी नजर कंपनी प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी है कि वह पीड़ित परिवार की मांगों पर कब तक ठोस फैसला लेता है.