जमशेदपुर: प्रेम संबंध में विवाद के बाद युवक ने खुद को चाकू मारा, एमजीएम रेफर
जमशेदपुर के गोविंदपुर में प्रेम संबंध को लेकर विवाद के बाद युवक विजय टोप्पो ने कथित तौर पर खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया. गंभीर हालत में उसे एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया.
जमशेदपुर के गोविंदपुर में प्रेम संबंध को लेकर विवाद के बाद युवक विजय टोप्पो ने कथित तौर पर खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया. गंभीर हालत में उसे एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया.
जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक के खुद को चाकू मारकर घायल करने का मामला सामने आया है. घायल युवक की पहचान राहड़गोड़ा निवासी विजय टोप्पो के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद गोविंदपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है.
जानकारी के अनुसार, विजय टोप्पो और लुपुंग टोला निवासी जोबा मार्डी लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे. दोनों के बीच करीब नौ वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि विजय की पहले शादी हो चुकी थी, लेकिन बाद में उसका अपनी पहली पत्नी से तलाक हो गया था. उसके बच्चे भी हैं. शुक्रवार को किसी बात को लेकर विजय और जोबा के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इसी दौरान विजय ने धारदार चाकू से अपने गले पर वार कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई. फिलहाल युवक का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि प्रेमिका के साथ विवाद किस मुद्दे को लेकर हुआ था और युवक ने खुद को घायल करने का फैसला किन परिस्थितियों में लिया. घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.