जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में मंगलवार देर रात गोली चली. इसमें एक युवक की मौत हो गई. घटना उलीडीह थाना क्षेत्र के खड़िया बस्ती में हुई. गोली मारने वाले साथियों ने ही गोली लगने के बाद राजनगर में रहने वाले देवदास गौड़ को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने युवक की हत्या मामले में सरायकेला खरसावां जिले के आरआईटी थाना के एएसआई पंकज कुमार, देवाशीष पोद्दार और नीरज प्रधान को हिरासत में लिया है. वहीं, पुलिस ने एक थार भी जब्त की है. देवदास गौड़ के गर्दन में गोली लगी थी. शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के कारणों का पता लगा रही है. हिरासत में लिए गए एएसआई समेत तीनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा और घटना स्थल से नशा करने का सामान बरामद किया है. बुधवार को मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
अस्पताल छोड़ भाग रहे थे साथी
पुलिस के अनुसार खड़िया बस्ती में सभी शराब पी रहे रहे. इसी दौरान मृतक और देवाशीष पोद्दार नामक युवक के बीच विवाद हो गया. इसके बाद देवाशीष ने उसे गोली मार दी. गोली उसके गर्दन में जा लगी. फिर सभी उसे लेकर अस्पताल पहुंचे. युवक की भर्ती करवाने के बाद सभी भागने लगे. लेकिन पुलिस ने तीनों को मौके से हिरासत में ले लिया. पुलिस के समक्ष तीनों अपना बयान बार बार बदल रहे थे. वहीं, आरोपी देवाशीष पोद्दार की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा भी बरामद किया. बुधवार सुबह मृतक के परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे. पता चला कि मृतक देवदास गौड़ आदित्यपुर के एक निजी कंपनी में काम करता था.
जमीन विवाद में हत्या की आशंका
पुलिस को जांच के दौरान थार वाहन से जमीन से संबंधित एक कागजात बरामद किया है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि जमीन को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मारी गई. आरोपियों के पुलिस को बरगलाने का कड़ी प्रयास किया. पहले आरोपियों में घटना स्थल एमजीएम थाना क्षेत्र का बालीगुमा बताया. लेकिन पुलिस की जांच में बालीगुमा में गोली चलने की बात सामने नहीं आई. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने खड़िया बस्ती में गोली चलने की बात बताई. पूरे मामले की जांच की जा रही है. नशा करने के दौरान हुए विवाद के बाद युवक को गोली मारी गई.

