जमशेदपुर: घूमने के बहाने प्रेमी को जंगल ले गई महिला, फिर रची हत्या की खौफनाक साजिश, 4 गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या मामले में चौकाने वाले खुलासे हुए है. प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए एक महिला ने पूरी हत्या की साजिश रची थी.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या मामले में चौकाने वाले खुलासे हुए है. प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए एक महिला ने पूरी हत्या की साजिश रची थी. कोवाली पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जबकि मृतक की प्रेमिका विभा देवी फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. वहीं, गिरफ्तार आरोपियों में बागबेड़ा नया बस्ती निवासी मिंटू साव (40), कोवाली के बड़ा बागलाता निवासी सुंदर दास (38), आकाश दास (28) और सरायकेला इच्छापुर निवासी परशुराम दास (24) शामिल हैं, जिन्हें पुलिस ने जेल भेज दिया है. मिंटू साव महिला का पति है. आरोपियों के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल सफेद मारुति एक्सएल-6 कार, दो स्टील पाइप, चार मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी मिंटू साव का पहले से आपराधिक इतिहास भी रहा है. सोमवार को कोवाली पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया.
बानाकाटा जंगल में हुई थी हत्या
कोवाली थाना क्षेत्र के बानाकाटा जंगल में बागबेड़ा के कीताडीह निवासी सिकंदर कुमार (25) की हत्या की गई थी. 1 सितंबर को पुलिस में सिकंदर का शव जंगल से बरामद किया था. 31 अगस्त की रात जंगल में सिकंदर की हत्या कर दी गई थी. उसकी हत्या के लिए उसकी प्रेमिका ने 1.80 लाख रुपए की सुपारी दी थी. हत्या की साजिश महिला का पति मिंटू साव ने रची थी. उसने सिकंदर की हत्या के लिए सुंदर दास को 1.80 लाख रुपये की सुपारी दी थी. इसमें 50 हजार रुपये पहले ही दिए जा चुके थे. बाकी 1.30 लाख रुपये हत्या के बाद देने की बात तय हुई थी. इसके बाद सुंदर दास ने आकाश दास और परशुराम दास को भी अपने साथ शामिल कर लिया और इस हत्याकांड को अंजाम दिया. इस मामले में सिकंदर के बड़े भाई जितेंद्र शर्मा में कोवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
स्टील की पाइप से किया हमला
पुलिस के अनुसार सिकंदर और महिला विभा देवी के बीच काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बीच महिला ने प्रेमी को रास्ते से हटाने की योजना अपने पति के साथ मिलकर बनाई. योजना के मुताबिक 31 अगस्त की रात करीब 11 बजे विभा देवी सिकंदर को घूमने के बहाने बानाकाटा जंगल लेकर गई थी. इसी बीच कुछ देर बाद मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परशुराम दास कार से जंगल पहुंचे. सुंदर दास ने स्टील के पाइप से सिकंदर के सिर पर हमला किया. इसके बाद बाकी आरोपियों ने भी उस पर पाइप से वार किया. गंभीर चोट लगने के कारण सिकंदर की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद सभी आरोपी शव को जंगल में छोड़कर फरार हो गए. सिकंदर की बाइक भी घटनास्थल पर ही छोड़ दी गई थी.