जमशेदपुर में बच्चा चोरी की अफवाह से हड़कंप, घर में घुसी दो महिलाओं पर लगा आरोप

जमशेदपुर में बच्चा चोरी की अफवाह से हड़कंप, घर में घुसी दो महिलाओं पर लगा आरोप

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर स्थित मानगो थाना क्षेत्र के कुंवर बस्ती में रविवार की सुबह दो महिलाओं द्वारा घर में घुस बच्चा चोरी करने के प्रयास का मामला सामने आया है. घटना के बाद बस्ती में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने आरोप लगाया कि बस्ती में रहने वाले बालेश्वर बेरा के घर में दो महिलाएं बच्चा चोरी करने की नीयत से घुसी थी. लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया. स्थानीय लोगों ने दोनों महिलाओं की जमकर पिटाई भी की और दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया. थाना में पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है. 
बालेश्वर बेरा ने बताया कि सुबह करीब 5.50 बजे दोनों महिलाएं मेरे घर में घुसी थी. मेरे बच्चे को दोनों उठाने का प्रयास कर रही थी. इसी बीच मेरी नींद खुल गई. दोनों महिलाओं को पकड़ लिया. शोर सुन आसपास के लोग भी मौके पर जुटे. उन्होंने बताया कि भोर करीब 4 बजे मैं उठा था. बाहर टहल कर आने के बाद मैं वापस घर आकर सो गया. लेकिन घर के गेट पर ताला नहीं लगाया था. इसी बीच दोनों महिलाएं दरवाजा खुला देख मेरे घर में घुस गई और बच्चे को चुराने का प्रयास किया. लेकिन समय रहते मेरी नींद खुल गई.

एक महिला अंधा होने का कर रही थी नाटक
2 महिलाएं बालेश्वर बेरा के घर में घुसी थी. इसमें से एक महिला के गोद में बच्चा था, जबकि एक महिला खुद को अंधा बता रही थी. लोगों ने जब पूछताछ की तो एक महिला ने खुद को अंधा बताया. इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को थाना ले गई. लोगों का कहना था कि इन महिलाओं को बस्ती में कभी नहीं देखा गया था. दोनों बच्चा चोरी के लिए ही बस्ती में रविवार को आई थी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.