जमशेदपुर में बीएड प्रवेश परीक्षा पर बवाल, एंट्री नहीं मिलने पर छात्रों ने जमकर किया हंगामा

जमशेदपुर में बीएड प्रवेश परीक्षा पर बवाल, एंट्री नहीं मिलने पर छात्रों ने जमकर किया हंगामा

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): रविवार को बीएड, एमएड और बीपीएड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान जमशेदपुर के ग्रेजुएट कॉलेज परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ. कई अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. कुछ छात्र तो गेट पर चढ़ गए और परीक्षा में शामिल करने की मांग करने लगे.छात्रों का कहना है कि परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग टाइम सुबह 10:15 बजे तय था, जबकि परीक्षा 10:30 बजे शुरू होनी थी. उनका दावा है कि वे परीक्षा शुरू होने से पहले ही कॉलेज पहुंच गए थे, लेकिन गेट पर जांच और दस्तावेज सत्यापन में समय लगने की वजह से उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया.

पढ़िये क्या है अभ्यर्थियों ने आरोप

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि कुछ छात्रों को आखिरी समय तक एंट्री दी गई, जबकि कई अन्य को गेट के बाहर ही रोक दिया गया. इसी बात को लेकर छात्रों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने केंद्र प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.छात्रों का कहना है कि वे भले ही कुछ मिनट की देरी से पहुंचे हों, लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र पर मौजूद थे. इसके बावजूद उन्हें परीक्षा देने का मौका नहीं मिला। उनका कहना है कि इस वजह से उनका एक साल बर्बाद हो सकता है.

मामूली देरी को आधार बनाकर उन्हें परीक्षा से बाहर कर दिया गया

 कई अभ्यर्थियों ने कहा कि मामूली देरी को आधार बनाकर उन्हें परीक्षा से बाहर कर दिया गया. उनका आरोप है कि जब कुछ छात्रों को अंतिम समय में प्रवेश दिया जा सकता है, तो बाकी अभ्यर्थियों को मौका क्यों नहीं दिया गया.हंगामे के दौरान कुछ देर के लिए केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि बाद में स्थिति को संभाल लिया गया, लेकिन परीक्षा से वंचित रहे छात्रों में नाराजगी बनी हुई है.