जमशेदपुर: रंगदारी नहीं देने पर साकची में चाकूबाजी, तीन घायल

जमशेदपुर: रंगदारी नहीं देने पर साकची में चाकूबाजी, तीन घायल

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में सोमवार को चाकूबाजी हुई. इसमें 3 दुकानदार घायल हो गए. घटना साकची के शालीमार मार्केट में हुई. दिनदहाड़े हुई इस घटना से अफरा - तफरी मच गई. चाकूबाजी में दुकानदार मीनादुल हक, मो ताज और मो अब्दुल शामिल है. स्थानीय दुकानदारों ने घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना से स्थानीय दुकानदारों में दहशत है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की. अस्पताल पहुंच घायलों से भी पुलिस ने घटना की जानकारी ली. दुकानदारों का कहना है कि रंगदारी देने का विरोध करने पर तीन युवकों ने चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया. दुकानदारों ने कहा कि बुलेट सवार तीन युवक मौके पर पहुंचे.गुटखा और सिगरट लेने के बाद दुकानदार से 500 रुपए रंगदारी मांगी. नहीं देने पर मारपीट करने लगे. 2 और दुकानदार बीचबचाव करने आए तो उनपर भी चाकू से हमला कर दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

दोबारा पिस्तौल लेकर धमकाने का आरोप
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि चाकूबाजी करने के बाद तीनों युवक मौके से भाग निकले. थोड़ी देर बाद तीनों युवक एक बुलेट लेकर दोबारा मार्केट आए और पिस्तौल लहराया. केस नहीं करने की धमकी दी. दुकानदार एकजुट हुए तो तीनों मौके से भाग निकले. इस दौरान आरोपी अपनी बुलेट मौके पर ही छोड़ भाग गए. पुलिस ने बुलेट जब्त कर ली है और बदमाशों का पता लगा रही है. दुकानदारों ने पुलिस पर भी सवाल खड़े किए हैं.