जमशेदपुर: फिल्मी स्टाइल में भाग रहा था स्नेचर, दो दीवारों के बीच फंसा, जानिए कैसे पुलिस ने रेस्क्यू किया

जमशेदपुर: फिल्मी स्टाइल में भाग रहा था स्नेचर, दो दीवारों के बीच फंसा, जानिए कैसे पुलिस ने रेस्क्यू किया

जमशेदपुर (Jamshedpur): जमशेदपुर में सोमवार को एक स्नैचर अभिषेक कुमार ने हाई वोल्टेज ड्रामा किया. उसे पकड़ने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के नीतिबाग कॉलोनी में वारंटी के छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने वहां छापेमारी की तो आरोपी ने हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया. वह छत पर चला गया और पुलिस को धमकी देने लगा कि अगर पुलिस पकड़ने आई तो वह छत से कूद जाएगा. इसी बीच हुआ फिल्मी स्टाइल में एक छत से दूसरे छत पर कूद पुलिस से बचने का प्रयास करने लगा. वह करीब 6 छत पर कूदा इसी दौरान वह 2 दीवारों के बीच फंस गया और उसका खेल खत्म हो गया. दोनों दीवारों के बीच से पुलिस ने उसे काफी मशक्कत करने के बाद बाहर निकाला. भागने के क्रम में वारंटी अभिषेक कुमार को चोटें भी आई है. सीतारामडेरा पुलिस उसे हिरासत में लिया और इलाज के लिए अस्पताल ले गई. इस पूरे कार्रवाई के दौरान बस्ती के लोगों में आफरा तफरी मची रही. इतनी संख्या में पुलिस बल को बस्ती में देख लोग हैरान रह गए. 

महिला से की थी स्नेचिंग

आरोपी ने रविवार की रात सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह चौक के पास नीतिबाग कॉलोनी में रहने वाली महिला रंभा देवी से चेन स्नेचिंग की थी. महिला की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी जांच की तो स्नेचर अभिषेक कुमार निकला. उसपर पहले से ही कई मामले दर्ज है और वह वारंटी है. सीतारामडेरा थाना में मारपीट के केस के अलावा शहर के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई केस दर्ज है. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे काबू में किया और हिरासत में लेकर थाना ले गई. 

तीन थानों की पुलिस के की कार्रवाई

यह कार्रवाई तीन थानों की पुलिस ने की. सीतारामडेरा थाना का अलावा सिदगोड़ा और गोविंदपुर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही. सोमवार की सुबह सीताराम डेरा थाना की पुलिस को अभिषेक कुमार के उसके घर में होने की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए घर पहुंची तो उसने घर का दरवाजा बंद कर लिया और छत पर चला गया. उसे पकड़ने के लिए गोविंदपुर और सिदगोड़ा थाना की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया. सीतारामडेरा थाना की पुलिस का कहना है कि पकड़ा गया आरोपी हाई प्रोफाइल मेंटेन करता है. उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली.