जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में टाटा वाटर प्लांट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है जहां बर्मामाइंस क्षेत्र स्थित पेयजल व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. लोगों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि पिछले कई दिनों से इलाके में सप्लाई होने वाले पानी में गंदगी और बदबू की शिकायत लगातार बनी हुई है. इसके साथ ही नियमित जलापूर्ति भी प्रभावित है और रोजाना तीन से चार घंटे की देरी से पानी मिलने के कारण लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि दूषित पानी की वजह से बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है. सबसे अधिक परेशानी नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है, क्योंकि समय पर पानी नहीं मिलने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं. बस्तीवासियों ने अधिकारियों से मांग की कि पानी की गुणवत्ता में तत्काल सुधार किया जाए और नियमित समय पर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े.
शिकायत सुनने के बाद वाटर प्लांट के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पेयजल की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर समस्या के समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा. हालांकि बस्तीवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा के भीतर गंदे पानी और अनियमित जलापूर्ति की समस्या दूर नहीं हुई, तो क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में एकजुट होकर आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रबंधन की होगी.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा

