जमशेदपुर पुलिस के ऑपरेशन मुस्कान से 100 लोगों को मिली खुशी, 11वें चरण में बरामद हुए गुम मोबाइल
अभियान के 11वें चरण में पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने 100 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए. शनिवार को एसएसपी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब समेत जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों ने लोगों को उनके मोबाइल फोन सौंपे.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो उसमें मौजूद जरूरी नंबर, फोटो और निजी जानकारियों के साथ फोन वापस मिलने की उम्मीद भी कम हो जाती है. लेकिन जमशेदपुर पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान ऐसे लोगों के चेहरे पर फिर से खुशी ला रहा है. अभियान के 11वें चरण में पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने 100 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए. शनिवार को एसएसपी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब समेत जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों ने लोगों को उनके मोबाइल फोन सौंपे.
100 लोगों को वापस मिले उनके गुम मोबाइल
मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई. कई ऐसे लोग भी थे, जिन्होंने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी. पुलिस की इस पहल से उन्हें बड़ी राहत मिली. इस दौरान सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, सभी डीएसपी और विभिन्न थानों के प्रभारी भी मौजूद रहे. पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे और अभियान की जानकारी दी.
अब तक 3373 मोबाइल फोन बरामद
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस लगातार गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश कर रही है. इस काम में पुलिस की तकनीकी सेल की अहम भूमिका है. मोबाइल की लोकेशन और दूसरी तकनीकी जानकारियों के आधार पर विशेष टीम जांच करती है. इसके बाद मोबाइल मिलने पर उसके वास्तविक मालिक का सत्यापन किया जाता है और फोन उन्हें सौंप दिया जाता है. एसएसपी के मुताबिक, ऑपरेशन मुस्कान के तहत अब तक कुल 3373 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं. अभियान के 11वें चरण में 100 मोबाइल फोन की बरामदगी की गई है.
पुलिस और आम लोगों के बीच बढ़ रहा भरोसा
एसएसपी ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान सिर्फ गुम मोबाइल फोन बरामद करने का अभियान नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना भी है. मोबाइल फोन आज लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. ऐसे में फोन वापस मिलने से लोगों को काफी राहत मिलती है. उन्होंने बताया कि गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम आगे भी लगातार काम करती रहेगी.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा