जमशेदपुर: तीन बेटियों को मैगी में जहर देकर माँ ने खुद भी उठाया खौफनाक कदम,इलाज के दौरान माँ और एक बेटी की मौत
जमशेदपुर: ससुराल से तंग आकर एक माँ ने अपनी तीन बेटियों को मैगी में जहर दे दिया. इसके बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खा कर ज़िंदगी खत्म करने का कदम उठा लिया. इस घटना के बाद इलाज के दौरान माँ और एक बेटी की मौत हो गई. वहीं दो बेटी ज़िंदगी और मौत से जंग लड़ रहे है.
जमशेदपुर: शहर में एक खौफनाक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. ससुराल से तंग आकर एक माँ ने अपनी तीन बेटियों को मैगी में जहर दे दिया. इसके बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खा कर ज़िंदगी खत्म करने का कदम उठा लिया. इस घटना के बाद इलाज के दौरान माँ और एक बेटी की मौत हो गई. वहीं दो बेटी ज़िंदगी और मौत से जंग लड़ रहे है. महिला की मौत पर भाई और परिवार के लोगों ने पुलिस पर भी सवाल उठाया है.
रविवार को कीटनाशक खाने वाली पिंकी कुमारी और उसकी चार वर्षीय छोटी बेटी ऋषिका मेहता की एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं, दो अन्य बेटियों की हालत को देखते हुए उनका इलाज जारी है. बताते हैं कि ऋषिका की मौत शनिवार को रात को हुई जबकि पिंकी ने रविवार को सुबह साढ़े 11 बजे दम तोड़ दिया.
घटना के बाद रविवार को कार्रवाई की मांग को लेकर मायके पक्ष के लोगों ने अस्पताल में हंगामा किया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की. घटना उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-5 स्थित केदार बगान की है. पिंकी ने बीते 3 नवंबर को अपनी तीनों बेटियों को मैगी और चाय में कीटनाशक मिलाकर पिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया था. इसके बाद सभी की तबीयत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया था.
अस्पताल में इलाज के दौरान पिंकी ने आरोप लगाया था कि तीसरी बेटी के जन्म के बाद से ही पति धर्मपाल मेहता, सास-ससुर, देवर और देवरानी उसे प्रताड़ित करते थे. उसका पति ओडिशा के झारसुगुड़ा स्थित एक कंपनी में काम करता है. पिंकी की तीन बेटियों में 13 वर्षीय माही, पांच वर्षीय मासूम और चार वर्षीय ऋषिका शामिल थीं. शनिवार देर रात पिंकी और ऋषिका ने दम तोड़ दिया. पिंकी ने इलाज के दौरान बताया था कि 22 अक्टूबर को उसकी देवरानी गुड़िया ने उलीडीह थाने में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद उसकी मुश्किलें और बढ़ गई थीं और वह तनाव में रहने लगी थी.
वह लगातार पुलिस से मदद मांग रही थी. 28 अक्टूबर को वह उलीडीह थाना पहुंची और फिर अपनी बेटियों के साथ सिटी एसपी कार्यालय भी गई थी. वहां उससे लिखित शिकायत मांगी गई, लेकिन लिखना नहीं आने के कारण वह अपनी बात लिखित रूप में नहीं दे सकी. महिला का आरोप था कि पुलिस से मदद नहीं मिलने और ससुराल में लगातार प्रताड़ना के कारण वह मानसिक रूप से टूट चुकी थी.
घटना की जानकारी मिलने पर बिहार के नवादा से जमशेदपुर पहुंचे पिंकी के भाई आर्यन कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को पति, देवर और देवरानी के अलावा कुशवाहा समाज के नेता शिवकुमार भगत भी परेशान करते थे. भाई ने मामले में शिवकुमार भगत समेत अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है. उसने कहा कि दोषियों की गिरफ्तारी होने के बाद ही दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. हालांकि इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति धर्मपाल मेहता एवं देवरानी गुड़िया को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. देवर राजीव फरार चल रहा है.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा