जमशेदपुर: सिदगोड़ा में पुलिस की पिस्तौल छीन बदमाश ने चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में घायल

जमशेदपुर: सिदगोड़ा में पुलिस की पिस्तौल छीन बदमाश ने चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में घायल

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में पुलिस पर अपराधियों ने देर रात दोबारा फायरिंग की. टेल्को से एक महिला का चेन स्नैचिंग कर भाग रहे 2 बदमाशों ने सोमवार शाम पुलिस पर फायरिंग की थी. जिसके बाद पुलिस ने 2 बदमाशों को पकड़ लिया था.  फिर देर रात करीब 2 बजे पकड़े गए एक अपराधी सतपाल उर्फ गबरू ने पुलिस पर दोबारा गोली दी. देर रात पुलिस उसे सिदगोड़ा टाउन हॉल स्थित शौचालय के पास हथियार बरामद करने के लिए ले गई थी. वहीं, अपराधी ने सिदगोड़ा थाना के जवान सुशांत सुंडी को धक्का देकर उनका पिस्तौल छीन लिया और पुलिस पर फायरिंग कर दी. इसमें सुशांत सुंडी समेत अन्य जवान बाल-बाल बचे. इसके बाद टाइगर मोबाइल के जवान शम्स तबरेज ने जवाबी कार्रवाई में अपराधी को घायल कर दिया. अपराधी के पैर में 2 गोली मारी गई. जिसमें वह घायल हो गया. पुलिस इलाज के लिए उसे एमजीएम अस्पताल ले गई, जहां उसका इलाज चल रहा है. 

हथियार-बाइक के नंबर प्लेट मिले
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटना स्थल से सोने की चेन, पिस्तौल और बाइक का नंबर प्लेट बरामद किया. सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अकरम ने बताया कि पकड़े जाने के बाद अपराधी ने शौचालय के पास हथियार व अन्य सामान छिपाने की बात कही थी. यही बरामद करने के लिए पुलिस देर रात एक अपराधी को टाउन हाल के पास स्थित शौचालय के पास ले गई थी. उसकी निशानदेही पर सामान बरामद भी हुआ. सामान जब्त कर वापस आने के क्रम में अपराधी ने सुशांत सुंडी का पिस्तौल छीन पुलिस पर गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई में अपराधी घायल हो गया. थानेदार ने बताया कि पुलिस जब अपराधियों को खदेड़ रही थी तो अपराधियों ने सामान शौचालय के पास छिपा दिया था. जो बाइक अपराधियों के पास मिले, उसमें नंबर प्लेट गलत लगा था. असली नंबर प्लेट भी अपराधियों ने शौचालय के पास छिपाया था.

क्या है मामला
जानकारी हो कि सोमवार की शाम पुलिस ने मुठभेड़ के बीच 2 चेन स्नेचरों को गिरफ्तार किया था. दोनों अपराधियों ने टेल्को में घड़ी पार्क के पास टाटा मोटर्स से रिटायर्ड कर्मी कृष्ण गोपाल की पत्नी से चेन स्नेचिंग की थी. पुलिस ने अपराधियों का पीछा शुरू किया. इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी. पुलिस ने भी जवाब में गोली चलाई. भागने के क्रम में दोनों अपराधी सिदगोड़ा सूर्य मंदिर के पास स्थित जमशेदपुर आर्म्ड पुलिस-6 के परिसर में जा घुसे. जहां दोनों पकड़े गए. पुलिस जल्द पूरे मामले का खुलासा कर सकती है.