जमशेदपुर : भाई ने भाई को मारी गोली, Save Life अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद गंभीर, TMH में भर्ती - आरोपी भाई फरार
जमशेदपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में 11 बजे रात सेव लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद को उनके सगे भाई ने कथित तौर पर गोली मार दी. गंभीर हालत में उनका TMH में इलाज जारी है.
जमशेदपुर: आरआईटी थाना क्षेत्र में सोमवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक भाई ने कथित तौर पर अपने ही सगे भाई को गोली मार दी. घटना में सेव लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. आरोप गायत्री शिक्षा निकेतन के संचालक सत्य प्रकाश सुधांशु पर लगा है.
पीठ में लगी गोली, TMH में इलाज जारी
जानकारी के अनुसार, गोली डॉ. आनंद की पीठ में लगी है. गंभीर हालत में उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
पत्नी ने पुलिस को दी घटना की सूचना
आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि डॉ. ओपी आनंद की पत्नी ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी थी. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्य प्रकाश सुधांशु ने ही उनके पति को गोली मारी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
पारिवारिक विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, गोली चलाने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
आरोपी फरार, हथियार की तलाश जारी
घटना के बाद से आरोपी सत्य प्रकाश सुधांशु का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है और वह फरार बताया जा रहा है. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और वारदात में इस्तेमाल हथियार की तलाश कर रही है.