जमशेदपुर: बहरागोड़ा में पुलिस का बड़ा एक्शन, डेढ़ करोड़ के पन्ना के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

जमशेदपुर: बहरागोड़ा में पुलिस का बड़ा एक्शन, डेढ़ करोड़ के पन्ना के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बहरागोड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.095 किलोग्राम पन्ना के साथ तीन अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद पन्ना की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है. मामले का खुलासा रविवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेसवार्ता में किया.ग्रामीण एसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बहरागोड़ा बस स्टैंड के आसपास पन्ना की तस्करी करने वाले है.सूचना के आधार पर घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया.

तीन तस्कर गिरफ्तार

पुलिस टीम ने बहरागोड़ा बस स्टैंड के पास घेराबंदी की.इस दौरान दो दोपहिया वाहनों पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर तीनों को दबोच लिया.गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय पातर (50 वर्ष), सिद्धेश्वर कालिन्दी (45 वर्ष), दोनों निवासी मुराकाटी, थाना गुड़ाबांदा, तथा स्नेहाशिष मंगराज (44 वर्ष), निवासी खांड़देवली, थाना श्यामसुंदरपुर के रूप में हुई है.

स्कूटी की डिक्की से प्लास्टिक में रखा 1.095 किलोग्राम पन्ना बरामद

तलाशी के दौरान विनय पातर की यामाहा स्कूटी की डिक्की से प्लास्टिक में रखा 1.095 किलोग्राम पन्ना बरामद किया गया.इसके अलावा आरोपियों के पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो दोपहिया वाहन तथा 2,300 रुपये नकद भी जब्त किए गए.पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद पन्ना कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था. पुलिस इस तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है.

रिपोर्ट-रंजीत ओझा