जमशेदपुर में वारदात: घायल भाई को घर में सुलाकर चला गया आरोपी, अगले दिन मिली लाश

जमशेदपुर में वारदात: घायल भाई को घर में सुलाकर चला गया आरोपी, अगले दिन मिली लाश

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. यह घटना सोनारी थाना क्षेत्र की है. नशे की हालत में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान सनातन हेंब्रम (45) के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. नशे की हालत में दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ जो बाद में खूनी झड़प में तब्दील हो गया. पुलिस ने आरोपी दुखू हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस उसे जेल भेजने की तैयारी कर रही है. दोनों भाइयों के बीच विवाद  रविवार की रात हुई. मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. फिर शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना से मृतक के घर में मातम का माहौल है. घटना के दौरान दोनों भाई नशे की हालत में थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. इसी बीच आरोपी ने अपने बड़े भाई पर लोहे के रॉड से कई वार किए. मृतक के सिर में गहरी चोट आई थी. पुलिस ने इस मामल में एक केस दर्ज किया है. मृतक सनातन मुंडा अपने तीन भाइयों के साथ झाबरी बस्ती में रहता था. सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी बरामद हुआ है. 

समय पर इलाज मिलती तो बच जाती जान
आरोपी ने घर के बाहर अपने बड़े भाई के साथ मारपीट की. फिर उसके घायल अवस्था में खुद ही घर लेकर आया. आरोपी ने घटना की जानकारी घर के अन्य सदस्यों को नहीं दी. मृतक को उसके कमरे में सुला दिया और सोमवार की सुबह अपने काम पर चला गया. दिन भर मृतक अपने कमरे में ही रहा. घर वालों को लगा कि सनातन नशे की हालत में सो रहा है.  सोमवार रात आरोपी जब घर वापस आया और अपने बड़े भाई को देखने गया. जहां वह मृत मिला. घायल को अगर सही समय पर इलाज मिलती तो उसकी जान बच सकती थी. सोमवार की रात आरोपी ने घटना की जानकारी घर के अन्य लोगों को दी, जिसके बाद मामला उजागर हुआ. सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया.