प्रभु जगन्नाथ के रंग में रंगा जमशेदपुर, इन सड़कों पर वाहनों की एंट्री रहेगी बंद

प्रभु जगन्नाथ के रंग में रंगा जमशेदपुर, इन सड़कों पर वाहनों की एंट्री रहेगी बंद

जमशेदपुर (Jamshedpur): जमशेदपुर में रथ यात्रा की तैयारी पूरी कर ली गई है. पूरा शहर प्रभु जगन्नाथ के रंग में रंग गया है. शहर के विभिन्न इलाकों से रथयात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी. प्रभु जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा का रथ सज धज कर तैयार है. रथ पर सवार होकर प्रभु नगर भ्रमण पर निकलेंगे. दोपहर 3 बजे के बाद अलग अलग जगहों से रथ यात्रा निकाली जाएगी. सबसे बड़ी रथ यात्रा बिस्टुपुर में निकलेगी. बिस्टुपुर स्थित इस्कॉन की रात यात्रा धूमधाम से आंध्र भक्त श्रीराम मंदिर से निकलेगी. वही, कदमा, सोनारी, मानगो, टेल्को, बागबेड़ा, जुगसलाई समेत अन्य इलाकों में भी रथ यात्रा निकलेगी. रथ यात्रा को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद है. सुरक्षा के लिए 2 हजार से अधिक जवान विभिन्न जगहों पर तैनात रहेंगे. पुलिस अधिकारी भी रथ यात्रा पर नजर रखेंगे. वहीं, साकची स्थित क्राइम कंट्रोल रूम से डीसी और एसएसपी रथ यात्रा पर नजर रखेंगे. रथ यात्रा में शामिल होने वाले भक्तों के लिए विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा सेवा शिविर भी लगाई जाएगी. 
 
दोपहर 2 बजे से शहर रहेगा नो एंट्री
रथ यात्रा को लेकर शहर में दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक नो इंट्री रहेगा. इस दौरान बड़े वाहनों की इंट्री शहर में पूरी तरह बंद रहेगी. वहीं, कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों के रूट बदले गए हैं. लोगों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई है. रथ यात्रा के कारण बिष्टुपुर वोल्टास गोलचक्कर से रीगल गोलचक्कर तक के दोनों मार्ग बंद रहेंगे. वोल्टास गोलचक्कर से साकची जाने वाले वाहन खरकई, मैला टंकी, तुलसी भवन, सोनेट होटल, धतकीडीह हरिजन बस्ती, धतकीडीह टीओपी, लोयला स्कूल, लोयला लाइट सिग्नल और जुबिली पार्क होते हुए साकची जाएंगे. जबकि साकची से जुगसलाई की ओर जाने वाले वाहन रीगल गोलचक्कर से तुलसी भवन, मैला टंकी, खरकई और वोल्टास गोलचक्कर होते हुए जुगसलाई जायेंगे. वहीं, गोलमुरी से साकची-बिष्टुपुर जाने वाले वाहनों की जेएनएसी चौक, नया रोड, करीम सिटी कॉलेज गोलचक्कर होते हुए बिष्टुपुर की ओर जाने की व्यवस्था की गई है. मानगो से बिष्टुपुर और जुगसलाई जाने वाले वाहनों को मरीन ड्राइव से होकर बिष्टुपुर-जुगसलाई जाने को कहा गया है. सुंदरनगर की ओर से आने वाले वाहन करनडीह चौक, घाघीडीह जेल, पानी टंकी, मजार, केंद्रीय विद्यालय, चाईबासा बस स्टैंड होते हुए रेलवे स्टेशन तक चलेंगे. 

मानगो के लिए ये रूट रहेगा
मानगो बड़ा हनुमान मंदिर से भी भव्य रथ यात्रा निकलेगी. इसके कारण मानगो में भी रूट बदला गया है. साकची से आने वाले वाहनों को मानगो थाना होते हुए पारडीह चौक तक जाना होगा. लौटते वक्त रथ यात्रा  ट्रांसपोर्ट नगर होते हुए राजस्थान भवन की ओर से आएगी, तब वाहनों को पारडीह चौक को ओर डायवर्ट किया जाएगा. यहां से फिर वाहनों को मानगो चौक की ओर भेजा जाएगा.