जमशेदपुर में पहली बार टेक फेस्ट का आयोजन, 43 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी दिखा रहे तकनीकी प्रतिभा

जमशेदपुर में आयोजित टेक फेस्ट में 43 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी अपनी तकनीकी प्रतिभा दिखा रहे हैं. सेंसर आधारित स्मार्ट सिंचाई मॉडल बना आकर्षण का केंद्र.
जमशेदपुर में पहली बार टेक फेस्ट का आयोजन, 43 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी दिखा रहे तकनीकी प्रतिभा

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर विद्यार्थियों की तकनीकी प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गोलमुरी के आरडी टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर में पहली बार टेक फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है. इस आयोजन में जमशेदपुर सहित आसपास के अलग अलग क्षेत्रों के 43 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं. टेक फेस्ट के माध्यम से छात्र अपने तकनीकी मॉडल, नए प्रयोग और उपयोगी प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर रहे हैं.

इस टेक फेस्ट की थीम 'तकनीकी ज्ञान से जीवन आसान' रखी गई है. इसका उद्देश्य ऐसी तकनीकों और नए विचारों को सामने लाना है, जिनका इस्तेमाल आम लोगों के दैनिक जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने में किया जा सके. इन प्रोजेक्ट्स में शिक्षा, कृषि और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया है.

आयोजन में कुल 43 संस्थानों की भागीदारी है. इनमें 31 स्कूल, 5 आईटीआई, 7 डिप्लोमा कॉलेज और 3 विश्वविद्यालय शामिल हैं. विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और तकनीकी समझ के आधार पर कई आकर्षक प्रोजेक्ट तैयार किए हैं. इनमें कृषि क्षेत्र से जुड़े मॉडल भी विशेष आकर्षण का केंद्र हैं. कुछ विद्यार्थियों ने ऐसे तकनीकी मॉडल प्रस्तुत किए हैं, जिनके माध्यम से जमीन में पानी की कमी या अधिकता का सेंसर से पता लगाकर जरूरत के अनुसार सिंचाई की व्यवस्था की जा सकती है. इस तरह की तकनीक किसानों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है और पानी की बर्बादी रोकने में भी मददगार हो सकती है.

आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझने का मौका मिल रहा है कि तकनीकी ज्ञान का इस्तेमाल केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान भी निकाला जा सकता है. टेक फेस्ट में प्रस्तुत किए जा रहे मॉडल विद्यार्थियों की इसी सोच और भविष्य की संभावनाओं को दर्शा रहे हैं.

रिपोर्ट: रंजीत कुमार ओझा