जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. बारिश के कारण भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है. शनिवार को भी दिन के समय तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई. इससेपूरे शहर का मौसम सुहावना हो गया. सुबह हुई बारिश करीब एक घंटे तक जारी रही. इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली. हालांकि बारिश ने जहां मौसम को खुशनुमा बनाया, वहीं कई इलाकों में लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी. शहर की कई सड़कों, गली-मोहल्लों और निचले क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बन गई. जलनिकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहा. राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. बारिश के कारण पिछले कुछ दिनों से शहर का अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे बना हुआ है. मई के शुरुआती 3 सप्ताह में लोग जहां भीषण गर्मी से परेशान रहे वहीं, मई के अंतिम सप्ताह में लगातार बारिश के कारण लोगों की भीषण गर्मी से राहत मिली है.
अधिकतम तापमान सामान्य 5 डिग्री नीचे पहुंचा
शहर का अधिकतम तापमान पिछले 4 दिनों से सामान्य से नीचे बना हुआ है. लगातार बारिश के कारण 27 मई से अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे है. फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है. बारिश के कारण शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है. शहर का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे बना हुआ है. 1 जून तक लगातार बारिश की संभवना है. इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. झारखंड के ऊपर दो टर्फ लाइन सक्रिय हैं, जिसके कारण बारिश हो रही है. इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है. गर्जन वज्रपात की संभावना है.
आंधी-बारिश आफत भी बनी
जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र में हो रही आंधी और बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन इसके साथ ही कई परेशानियां भी खड़ी कर दी हैं. तेज हवाओं और बारिश के कारण कई जगहों पर घरों को नुकसान पहुंचा है. ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है. आंधी के दौरान कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई. ग्रामीण क्षेत्रों में कई गांव घंटों से अंधेरे में डूबे हुए हैं. बिजली विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त लाइनों और गिरे हुए खंभों की मरम्मत में जुटी हुई हैं, लेकिन लगातार खराब मौसम के कारण काम प्रभावित हो रहा है. तेज हवा के कारण कई कच्चे मकानों की छतें उड़ गईं हैं. वहीं, खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है. कोल्हान के विभिन्न इलाकों में वज्रपात की घटनाओं ने भी चिंता बढ़ा दी है. आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कुछ लोग घायल भी हुए हैं.