जमशेदपुर (Jamshedpur): मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. पिछले करीब 2 सप्ताह से झमाझम बारिश हो रही है. झमाझम बारिश के साथ पूर्वी सिंहभूम जिले में हरियाली मिशन शुरु हो गया है. जगह-जगह पौधे लगाए जा रहे है. वन विभाग ने जिले के सभी प्रखंडों में पौधा रोपण का काम शुरु कर दिया है. वन विभाग इस साल जमशेदपुर वन प्रमंडल में बड़े पैमाने पर पौधारोपण करेगा. इस साल साढ़े छह लाख पौधा रोपण करने के लक्ष्य रखा गया है. आम, पीपल, बरगद, सागवान, नीम, जामुन, बांस आदि प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे. जमशेदपुर वन प्रमंडल के डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि इस मानसून जमशेदपुर वन प्रमंडल में साढ़े छह लाख पौधे रोपे जाएंगे. पौधा रोपण का काम शुरू कर दिया गया है. पौधों को सुरक्षित रखने के भी उपाए किए जाएंगे. पौधों को गेबियन से घेरा जाएगा. ताकि मवेशी पौधों को नुकसान ना पहुंचा सके.
यहां रोपे जाएंगे पौधे
जमशेदपुर वन प्रमंडल के घाटशिला, डुमरिया, गुड़ाबांधा, पोटका, चाकुलिया, धालभूमगढ़, बोड़ाम, पटमदा प्रखंड में पौधा रोपण किया जाएगा. पौधा लगाने के लिए वन विभाग की पूरी टीम को एक्टिव किया गया है. स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग भी इसमें लिया जाएगा. कई जगहों पर कार्यक्रम आयोजित कर पौधे रोप जाएंगे. बांस के पौधे सबसे अधिक रोप जाएंगे. वन विभाग का कहना है कि पौधा रोपण से ना सिर्फ हरियाली बढ़ेगी बल्कि हाथियों के लिए भोजन भी उपलब्ध होगा. बांस के पौधे हाथियों को काफी पसंद आते हैं.
जिले में बारिश ने पकड़ी रफ्तार
जून माह में भले ही बारिश ने निराश किया हो लेकिन जुलाई में मानसून में रफ्तार पकड़ ली है. पूर्वी सिंहभूम जिले में भी बारिश ने रफ्तार पकड़ी है. जिले में इस मानसून अब तक 300.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई है. हालांकि यह सामान्य से 28 प्रतिशत कम है. लेकिन अब हो रही लगातार बारिश से बारिश का आंकड़ा सामान्य से अधिक पहुंचने का संभावन मौसम विभाग जता रहा है. मौसम विभाग के अनुसार बारिश अभी लगातार होगी. ऐसे में वन विभाग का पौधा रोपण अभियान सफल होने की उम्मीद है. लगातार हो रही बारिश रोप गए पौधे लग जाएंगे.

