जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : पुलिस ने गैंगरेप के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने के महज छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास सहित अन्य सामान बरामद कर जब्त किया है.
पेशे से ड्राइवर हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एमजीएम थाना क्षेत्र निवासी ओम प्रकाश और मानगो निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा के रूप में हुई है. दोनों पेशे से ड्राइवर हैं. मामले की जानकारी एमजीएम थाना प्रभारी ने प्रेस वार्ता में दी.
थाना प्रभारी ने बताया कि 8 जुलाई की देर रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि सिमुलडांगा गांव के पास सड़क किनारे एक महिला गंभीर हालत में पड़ी हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया.
घायल अवस्था में छोड़कर हो गये थे फरार
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दोनों आरोपी उसे डिमना लेक और मिर्जाडीह हाट की ओर ले गए, जहां उसे शराब पिलाई गई. इसके बाद सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए.पीड़िता के बयान के आधार पर एमजीएम थाना में मामला दर्ज किया गया. वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास, घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया है.
पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी
फिलहाल पीड़िता का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. वहीं, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है.
रिपोर्ट – रंजीत कुमार ओझा

