जमशेदपुर: घरेलू विवाद में बुजुर्ग ने किया आत्मदाह का प्रयास, पेट्रोल छिड़क लगाई आग

जमशेदपुर: घरेलू विवाद में बुजुर्ग ने किया आत्मदाह का प्रयास, पेट्रोल छिड़क लगाई आग

जमशेदपुर (Jamshedpur): जमशेदपुर में गुरुवार की दोपहर एक दर्दनाक मामला सामने आया. बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह तालाब के पास एक बुजुर्ग ने खुद को आग के हवाले कर दिया. पेट्रोल छिड़क उसने खुद को आग लगा ली. आसपास के लोगों ने बुजुर्ग को बचाया. पुलिस मौके पर पहुंची और उससे इलाज के लिए टीएमएच ले गई. जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. उसका शरीर का काफी हिस्सा जल चुका है. बुजुर्ग की पहचान धतकीडीह ए ब्लॉक निवासी सत्तार खान (66)  के रूप में हुई है. पारिवारिक विवाद में उसने आत्मदाह करने का प्रयास किया. बिष्टुपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना की सूचना पर बुजुर्ग के परिजन भी टीएमएच पहुंचे. बुजुर्ग का शरीर इतना जल गया है कि शरीर का चमड़ा घटना स्थल पर ही पड़ा था. जले कपड़े भी पड़े थे.
धातकीडीह तालाब के पास वाहन धोने का काम करने वाले मो इस्लाम ने बहादुरी दिखाते हुए बुजुर्ग की जान बचाई. खुद की जान की परवाह ना कर मो इस्लाम ने आग को किसी तरह बुझाया. इस्लाम ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे बुजुर्ग बोतल में पेट्रोल लेकर तालाब के किनारे पहुंचा. फिर पेट्रोल उसने खुद के शरीर पर डाल लिया और खुद को आग लगा ली. बुजुर्ग परिवारिक विवाद में आत्मदाह का प्रयास करने की बात कह रहा था.