जमशेदपुर: सीआरपीएफ जवान की ब्रेन मलेरिया से मौत, एमजीएम में चल रहा था इलाज

जमशेदपुर: सीआरपीएफ जवान की ब्रेन मलेरिया से मौत, एमजीएम में चल रहा था इलाज

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): कोल्हान में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. अब सीआरपीएफ 197वीं बटालियन के एक जवान की ब्रेन मलेरिया से मौत हुई है. मुसाबनी स्थित सीआरपीएफ कैंप में तैनात जवान पिंटू कुमार  साव (35) ने बुधवार की सुबह एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा.  मौत की खबर से जवानों में शोक की लहर है. वहीं मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. जवान बिहार के वैशाली जिला का रहने वाला था और चाईबासा में ड्यूटी पर तैनात था. तबियत खराब होने पर उसे मुसाबनी कैंप वापस लाया गया था. यहां जवान की स्थिति और बिगड़ने लगी तो 28 जुलाई को उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया. उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती है और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

पोस्टमार्टम हाउस में दी गई श्रद्धांजलि
बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया. एमजीएम स्थित पोस्टमार्टम हाउस में जवान को अंतिम सलामी दी गई. सीआरपीएफ के अधिकारियों ने पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी. यहां से उनका शव बिहार के वैशाली जिले के फरीदपुर स्थित उनके गांव ले जाया गया. अंतिम सलामी के दौरान जवान के परिजन भी मौजूद रहे. जवान की पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो -रो कर बुरा हाल था.  अन्य जवानों की आँखें भी नम थी.

कोल्हान में लगातार बढ़ रहे है मामले
जानकारी हो कि कोल्हान में ब्रेन मलेरिया का कहर काफी बढ़ गया है. बुधवार सुबह ही चाईबासा के पहाड़डीहा गांव में दो नाबालिग बच्चियों की मौत ब्रेन मलेरिया से हुई. वहीं पूर्वी सिंह जिले में भी ब्रेन मलेरिया का कर देखने को मिल रहा है. पूर्वी सिंहभूम जिले में ब्रेन मलेरिया से 10 लोगों की मौत हुई है. लगातार बढ़ रहे मामलों से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है.