जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में अपराधियों का आतंक जारी है. रविवार की शाम बागबेड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला रेल कर्मी से स्नैचिंग का प्रयास हुआ. विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट की गई और उनके कपड़े फाड़ दिए गए. बदमाशों ने उनपर चाकू से हमला करने का प्रयास भी किया. इसी बीच स्थानीय लोग जुट गए और एक बदमाश को मौके पर पकड़ लिया. उसकी जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़ा गया युवक गोलमुरी का शिवा कुमार बताया जा रहा है. थाना में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. रेलवे की एरिया मैनेजर के ऑफिस में चीफ ऑफिस सुप्रिटेंडेंट एम भवनी से बदमाशों ने उनके घर के पास ही स्नेचिंग का प्रयास किया. महिला विश्व हिंदू परिषद से भी जुड़ी है.
घटना के संबंध में एम भवानी ने बताया कि मैं अपनी ड्यूटी खत्म कर रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी स्थित अपने घर वापस जा रही थी. घर के पास ही 2 बदमाशों ने मुझे घेर लिया. एक बदमाश ने मेरे गले पर चाकू रख दिया और गले से सोने का चेन छीनने लगा. मैंने विरोध किया तो दोनों मुझसे मारपीट करने लगे. इसी बीच मेरे कपड़े भी फाड़ दिए गए. इसी बीच स्थानीय लोग जुट गए और एक बदमाश को पकड़ लिया. जबकि दूसरा बदमाश मेरे गले से रुद्राक्ष का माला लेकर भाग निकला.
विहिप ने थाना में किया प्रदर्शन
घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद ने बागबेड़ा थाना में प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता के नेतृत्व में विहिप के लोग थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. अजय गुप्ता ने कहा कि शहर में स्नेचिंग की घटनाएं लगातार हो रही है. पुलिस इसपर लगाम लगाने में विफल है. इसके विरोध में विहिप सड़क पर उतरेगी. बागबेड़ा थाना पर प्रभारी ने उन्हें सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया. वहीं, पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है. इस घटना से स्थानीय महिलाओं में दहशत है.

