क्या चाईबासा में ही है एक करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर?जानिए कहां मिला अंतिम लोकेशन

क्या चाईबासा में ही है एक करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर?जानिए कहां मिला अंतिम लोकेशन

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पश्चिम सिंहभूम जिले के जंगलों में सुरक्षाबलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच एक करोड़ के इनामी कुख्यात नक्सली मिसिर बेसरा के वहां से भागने की सूचना थी. बताया जा रहा था कि मिसिर बेसरा अपने साथियों के साथ भाग चुका है. लेकिन अब फिर से मिसिर बेसरा के पश्चिम सिंहभूम के जंगलों में छिपे होने की जानकारी सामने आई है. इससे सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान को और तेज कर दिया है. जगह जगह उसकी तलाश की जा रही है. दरअसल, सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था कि मिसिर बेसरा चाइबासा के टोंटो थाना क्षेत्र के मुरूम्बुरा गांव के पहाड़ी पर है. 9 जुलाई को मिसिर बेसरा का लोकेशन वहां मिला था. सुरक्षाबलों को पता चला था कि मिसिर बेसरा के साथ 15 लाख का इनामी नक्सली वीरेंद्र हांसदा और मेहनत उर्फ मोछू भी वहां थे. जबकि पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के नचलदा व केड़ाबीर गांव के आसपास 10 लाख के इनामी नक्सली सालुका कायम के दस्ते का लोकेशन 26 मई को मिला था. इसके बाद से सर्च अभियान तेज कर दिया गया है. 

बोड़ाम में मिला असीम मंडल का लोकेशन
वहीं, सारंडा में सुरक्षाबलों की दबिश के बाद एक करोड़ का इनामी नक्सली असीम मंडल और आकाश सारंडा से भाग चुका है. उसके पूर्वी सिंहभूम जिले में वापस अपने दस्ते के साथ आने की सूचना थी. 9 जुलाई को असीम मंडल का लोकेशन पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र के जरकी गांव के सीमावर्ती इलाके में मिला था. इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट है. असीम के साथ 15 लाख के इनामी नक्सली सचिन का लोकेशन भी जरकी गांव के सीमावर्ती इलाके में मिला था. जानकारी हो कि पूर्वी सिंहभूम जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर दस्तक दी है. नक्सलियों द्वारा कुछ पेट्रोल पंप मालिकों से लेवी वसूलने की बात भी सामने आई थी. अब असीम के वापस जिले में आने ने सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई है. जानकारी हो कि राज्य भर में 31 कुख्यात नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चल रहा है. उन्हें पकड़ने के लिए सुरक्षा एजेंसियां जाल बिछा रही है. इसी क्रम में इन नक्सलियों का लोकेशन जगह जगह पाया गया.