जमशेदपुर में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, गोपाल मैदान में डीसी में किया ध्वजारोहण
जमशेदपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है. जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा रहा है. बिस्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मुख्य समारोह आयोजित हुआ. यहां जिले के डीसी राजीव रंजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. ध्वजारोहण के बाद परेड और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. डीसी राजीव रंजन और एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने परेड का निरीक्षण किया.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है. जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा रहा है. बिस्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मुख्य समारोह आयोजित हुआ. यहां जिले के डीसी राजीव रंजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. ध्वजारोहण के बाद परेड और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. डीसी राजीव रंजन और एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने परेड का निरीक्षण किया. समारोह को लेकर गोपाल मैदान में सुरक्षा से लेकर कड़े इंतजाम किए गए थे. समारोह के दौरान कई आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया.
अपने संबोधन में डीसी ने जिले में चल रही विकास कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि हर नागरिक देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने में अपनी भूमिका निभाए. सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है.
डीसी ने बताया कि सदर अस्पताल में सिकल सेल एनीमिया जांच की सुविधा शुरू की गई है. अब तक 14,463 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिसमें 44 मरीज मिले हैं और उनका इलाज जारी है. सदर अस्पताल में प्री-फैब्रिकेटेड अस्पताल भी शुरू किया गया है. प्रोजेक्ट उल्लास के तहत मिर्गी के 1,189 मरीजों की पहचान हुई है, जिनका नियमित इलाज किया जा रहा है. टेल्को का कुपोषण केंद्र भी बेहतर काम कर रहा है. जिले में 367 कुपोषित बच्चों का इलाज चल रहा है. इसके अलावा उन्होंने कहा कि 2026-27 में 13,561 महिलाओं का सुरक्षित प्रसव कराया गया और 14,534 लोगों का टीकाकरण हुआ. करीब 9.89 लाख लोगों को आयुष्मान कार्ड से जोड़ा गया है. वहीं, 11 हजार छात्राओं को व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ा गया है. मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के तहत 2.86 लाख महिलाओं को पेंशन दी जा रही है. जिले में 17 दाल-भात केंद्रों पर रोज करीब 4,600 लोगों को पांच रुपये में भोजन मिल रहा है.
इधर, गोपाल मैदान के अलावा शहर के सभी निजी और सरकारी कार्यालयों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. एसएसपी ऑफिस में एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब में ध्वज फहराया. फॉरेस्ट ऑफिस में भी धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया. वहीं, सभी थानों, सरकारी हॉस्पिटल, ब्लॉक ऑफिस समेत सभी संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज शान से फहराया गया. विभिन्न राजनीतिक पार्टी ऑफिस में भी तिरंगा झंडा फहराया गया. पूरा शहर जय हिंद की नारों से गूंज उठा. स्कूली बच्चों द्वारा कई स्थानों पर प्रभात फेरी निकाली गई.