पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, 25 कार्टन शराब के साथ दो गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, 25 कार्टन शराब के साथ दो गिरफ्तार

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR):पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है.इस दौरान एक टाटा मैजिक वाहन को भी जब्त किया गया, जबकि वाहन चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया.पुलिस ने वाहन मालिक समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि 8 जुलाई की मध्यरात्रि गुप्त सूचना मिली थी कि लाल रंग की एक टाटा मैजिक से अवैध शराब की बड़ी खेप मुसाबनी क्षेत्र में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही है.सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी थाना पुलिस ने जादूगोड़ा–मुसाबनी मुख्य मार्ग पर एचसीएल कंपनी के प्रशिक्षण भवन के सामने सघन वाहन जांच अभियान चलाया.

25 कार्टन शराब बरामद

वाहन जांच के दौरान संदिग्ध टाटा मैजिक को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी में वाहन से 25 कार्टन में पैक 300 बोतल किंगफिशर बीयर और एक कार्टन में 12 बोतल 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक एलीट व्हिस्की बरामद हुई.पुलिस ने पूरी शराब की खेप और वाहन को जब्त कर लिया.पूछताछ में वाहन चालक जानूम सिंह सुंडी (25 वर्ष) और खलासी सोमा पूर्ति (30 वर्ष) ने बताया कि शराब की खेप जादूगोड़ा के माटीगोड़ा स्थित शराब दुकान से लेकर पुरुलिया निवासी बुधराम बेसरा के घर पहुंचाई जानी थी, जहां इसकी अवैध बिक्री की योजना थी.जांच में यह भी सामने आया कि जब्त टाटा मैजिक वाहन भी बुधराम बेसरा का ही है.

चालक और खलासी गिरफ्तार

पुलिस ने चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी एवं वाहन मालिक बुधराम बेसरा की तलाश जारी है.इस मामले में मुसाबनी थाना कांड संख्या 23/2026 (दिनांक 9 जुलाई 2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 274/275 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है. पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट-रंजीत ओझा