जमशेदपुर में अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

जमशेदपुर में अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई जुगसलाई थाना कांड संख्या 44/26 के तहत की गई. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई क्षेत्र में अवैध हथियार की खरीद-बिक्री की जा रही है. इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुगसलाई निवासी 25 वर्षीय जाहिद हुसैन उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 19 वर्षीय मो. रेहान हुसैन को भी बाद में गिरफ्तार किया. दोनों आरोपियों ने हथियार खरीद-बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उनकी निशानदेही पर रेलवे पुल के नीचे नदी किनारे छिपाकर रखा गया एक लोहे का देसी पिस्तौल और एक गोली बरामद किया गया. गुरुवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने पूरे मामले का खुलासा किया. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है. 

अपराधियों को उपलब्ध कराते थे हथियार
सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी जाहिद हुसैन अवैध हथियार सप्लायरों से 40 से 60 हजार रुपये तक में खरीदता था और शहर के अपराधियों को बेचता था. यह मामला संगठित अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा है. गिरफ्तार आरोपी जाहिद हुसैन के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. सिटी एसपी ने बताया कि हथियार बिहार के मुंगेर से जाहिद खरीद कर लाता था. शहर में अपराधियों को हथियार सप्लाई करने में रेहान जाहिद की मदद कर रहा था. पुलिस पूरे गिरोह का उद्भेदन करने के प्रयास में जुटी है. इनके द्वारा किन अपराधियों को हथियार उपलब्ध कराया गया है, इसका पता लगाया जा रहा है.