पर्यटकों के लिए खुशखबरी! दलमा में शुरू हुआ लग्जरी रेस्ट हाउस, जानिए कितना है किराया

पर्यटकों के लिए खुशखबरी! दलमा में शुरू हुआ लग्जरी रेस्ट हाउस, जानिए कितना है किराया

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में एक दलमा अपनी अनोखी खूबसूरती के लिए प्रसिद्ध है. अब इसकी खूबसूरती में और चार चांद लग गया है. पर्यटकों के लिए मकुलाकोचा में नए इको रेस्ट हाउस का निर्माण कराया गया है. जिसका उद्घाटन रविवार को हुआ. राज्य के पर्यटन मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने इसका उद्घाटन विधिवत पूजा कर और बैलून उड़ाकर किया. इस दौरान ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन, दलमा डीएफओ सबा आलम अंसारी समेत सरायकेला के डीसी, एसपी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे. उद्घाटन के बाद आधुनिक रेस्ट हाउस को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया. रेस्ट हाउस की बुकिंग शुरू कर दी गई.

इस मौके पर मंत्री ने कहा कि नया आधुनिक रेस्ट हाउस पर्यटन को नया आयाम देगा. मकुलकोचा के अलावा दलमा टॉप स्थित पिंडराबेड़ा में भी आधुनिक रेस्ट हाउस का निर्माण कराया जा रह है. इसका निर्माण भी अंतिम चरण में है. पिंडराबेड़ा में हैंगिंग रेस्ट हाउस बनाया जा यह है. यहां बन रहे रेस्ट हाउस का आधा हिस्सा पहाड़ से लटका रहेगा.

इस वेबसाइट में होगी बुकिंग, ये है किराया
नए रेस्ट हाउस की बुकिंग पर्यटक dalma wild life scantury. Comऔर जेटीडीसी (JTDC) की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते है. रेस्ट हाउस का किराया 3,500 रुपये रखा गया है, इसमें नाश्ता भी शामिल रहेगा. जानकारी हो कि कुल 11 करोड़ की लागत से मकुलाकोचा और पिंडराबेड़ा 15-15 कमरों का आधुनिक रेस्ट हाउस का निर्माण कराया गया है. मकुलाकोचा में रेस्ट हाउस का निर्माण पूरा हो चुका है जबकि पिंडराबेड़ा में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है. पहाड़ों और हरियाली के बीच बने इस नए रेस्ट हाउस में ठहरना पर्यटकों को अनोखा अनुभव देगा. पर्यटकों को प्रकृति के बीच रहने का अवसर मिलेगा. रेस्ट हाउस के सामने एक फाउंटेन भी बनाया गया है. वहीं, लोगों के बैठने के लिए गजीबो और आकर्षक कैफेटेरिया का निर्माण भी किया गया है.

स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार
मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से दलमा में आधुनिक रेस्ट हाउस का निर्माण कराया गया है. कुल 30 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया है, वही 30 लोग इस रेस्ट हाउस को चलाएंगे. वहीं, दलमा डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि नए रेस्ट हाउस निर्माण से ना सिर्फ पर्यटन को नया आयाम मिलेगा, बल्कि यह स्थानीय लोगों को रोजगार का अवसर भी देगा. रेस्ट हाउस संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय वन समिति को दी  गई है. 30 स्थानीय लोगों को कोलकाता के होटल में ट्रेनिंग भी दी गई है. इधर, उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया. इसके अलावा मंत्री, विधायक समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पौधा रोपण भी किया.