जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): कोल्हान की सबसे बड़ी जेल की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़ा हुआ है. जमशेदपुर स्थित घाघीडीह सेंट्रल जेल की सुरक्षा पर फिर सेंध लगा है. एक महिला मुलाकाती ने जेल के भीतर एक कैदी से मिलने और बातचीत का वीडियो बनाया है. कड़ी सुरक्षा के बीच महिला जेल में स्मार्ट फोन लेकर घुस गई और कैदी से बातचीत का वीडियो बना लिया. बाद में वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया. वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मचा है. जेल में वीडियो बनाने के मामले में परसुडीह थाना में एक केस दर्ज किया गया है. वही, इसकी भी जांच की जा रही है कि सुरक्षा में कहां चूक हुई. वायरल वीडियो में गोलमुरी के अपराधी विक्की कुंडी, बलराम सिंह समेत कई अपराधी दिख रहे है. वायरल वीडियो को गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देने वाले गाने बज रहे हैं. वही, जेल प्रशासन इसमें जेल के तीन आरक्षियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है.
निशांत सिंह के नाम के आईडी से वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुआ है वह निशांत सिंह नामक युवक के आईडी से है. बताया जा रहा है कि निशांत सिंह जेल में बंद बलराम सिंह का भाई है. इस मामले में वीडियो बनाने वाली महिला, निशांत सिंह आदि पर केस दर्ज किया गया है. वीडियो में जेल के भीतर जो अपराधी दिख रहे है, उन्होंने हाल ही में गोलमुरी में एक रात में 2 जगहों पर फायरिंग की थी. इनके खिलाफ और भी कई केस दर्ज है. वही, परसुडीह पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पहले भी सुरक्षा पर उठे है सवाल
घाघीडीह जेल की सुरक्षा पर पहले भी सवाल उठ चुके है. इस जेल में कैदियों की हत्या जैसे घटनाएं हो चुक है. 20 मार्च 2009 में जेल के भीतर गैंगस्टर परमजीत सिंह की हत्या हुई थी. वहीं, 25 जून 2019 को भी घाघीडीह जेल में दहेज मामले के सजायाफ्ता मनोज सिंह की पीट पीट कर हत्या कर दी है थी. कई कैदी भी यहां आत्महत्या का प्रयास कर चुके है. अब फिर से जेल के भीतर कैदियों से बातचीत का वीडियो वायरल होना जेल की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर रहा है.

