जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में एक बार फिर फायरिंग की घटना हुई है. गोलमुरी थाना क्षेत्र के देबू बगान के पास रविवार देर रात हुई फायरिंग की घटना में एक युवक घायल हो गया है. घायल युवक की पहचान टाटा लाइन निवासी दीपक झा के रूप में हुई है. गोली उसके पैर में लगी है और टीएमएच में उसका इलाज चल रहा है. हालांकि उसकी स्थिति खतरे से बाहर है. घटना की सूचना पाकर गोलमुरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके से खोखा बरामद किया. पुलिस गोली चलाने वाले बदमाशों का पता लग रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले ले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. वहीं, देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाका में हड़कंप मचा है. जानकारी हो कि जमशेदपुर में फायरिंग की घटनाएं लगातार हो रही है. घटनाओं का पुलिस उद्भेदन भी कर रही है, लेकिन इसके बाद भी फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही.
विवाद कर रहे युवकों ने चलाई गोली
पूछताछ में दीपक झा ने बताया है कि रात में वह मिठाई लेने के लिए देबू बगान के पास गया रहा. इसी दौरान वहां कुछ युवक आपस में विवाद कर रहे थे. उन्हीं यूवकों ने गोली चला दी, जिसमें एक गोली उसके पैर में आ लगी. पहले उसे गोली लगने की जानकारी नहीं हुई. फिर उसने अपने एक परिचित को मौके पर बुलाया और टीएमएच गया. वहां गोली लगने की पुष्टि हुई. घायल ने बताया कि घटना के बाद विवाद करने वाले युवक वहां से भाग निकले. पुलिस यह पता लगा रही है किन युवकों के बीच विवाद हो रहा रहा.

