टाटा मोटर्स कर्मचारी की मौत के बाद मेन गेट पर प्रदर्शन, स्थायी नौकरी और मुआवजे की मांग; प्रबंधन को 24 घंटे का अल्टीमेटम
टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन में कार्यरत कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद परिजनों ने मेन गेट जाम कर किया प्रदर्शन, स्थायी नौकरी और उचित मुआवजे की मांग की
जमशेदपुर: टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन में कार्यरत कर्मचारी सुबोध पात्रो (59) की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों और समर्थकों ने मुआवजा एवं आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर टाटा मोटर्स के मेन गेट पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने कंपनी गेट जाम कर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की. परिजनों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से करीब 77 लाख रुपये के भुगतान की जानकारी दी गई है, लेकिन वे इससे संतुष्ट नहीं हैं. परिवार की मांग है कि मृतक के आश्रित को स्थायी नौकरी दी जाए और उचित मुआवजा मिले. परिजनों का कहना है कि परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की मौत के बाद उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
पुलिस से भी हुई नोकझोंक
प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात टेल्को थाना के सब इंस्पेक्टर ने धरना दे रहे लोगों को कंपनी गेट की ओर बढ़ने से रोकने का प्रयास किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मी के खिलाफ नारेबाजी की. विरोध इतना बढ़ा कि पुलिसकर्मी को मौके से हटना पड़ा.प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से टाटा मोटर्स के कर्मचारियों की मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस इन मामलों को गंभीरता से नहीं ले रही है.
मजदूर नेता ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
मजदूर नेता बंटी ने कंपनी प्रबंधन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि मृतक के आश्रित को स्थायी नौकरी और उचित मुआवजा दिया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय के भीतर मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया. हालांकि, कंपनी के मेन गेट पर तनाव की स्थिति बनी हुई है. अब सबकी नजर कंपनी प्रबंधन के रुख और परिजनों की मांगों पर होने वाली बातचीत पर है.