डबल डाउन हत्याकांड: जोनल आईजी ने घटना की समीक्षा की, परिजनों ने कहा- पहले अपराधियों का हो एनकाउंटर तब कराएंगे पोस्टमार्टम

डबल डाउन हत्याकांड: जोनल आईजी ने घटना की समीक्षा की, परिजनों ने कहा- पहले अपराधियों का हो एनकाउंटर तब कराएंगे पोस्टमार्टम

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन बार के बाहर पुलिस के सामने करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच मंगलवार को जोनल आईजी मनोज कौशिक ने की. उन्होंने घटना स्थल (डबल डाउन बार) का भी निरीक्षण किया. इसके अलावे एसएसपी पीयूष पांडेय के साथ बैठक कर घटना की पूरी जानकारी ली. घटना की समीक्षा उनके द्वारा की गई. उन्होंने हत्याकांड में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का आदेश दिया. जोनल आईजी ने कहा कि इस हत्याकांड में पुलिस के स्तर से जिसने भी लापरवाही की उनपर एक्शन लिया जाएगा. इस हत्याकांड में शामिल सभी अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होगी. जोनल आईजी ने माना कि पुलिस से चूक हुई है. कार्रवाई करते हुए बिस्टुपुर थानेदार , 2 एएसआई और एक जवान को सस्पेंड किया गया है. उन्होंने कहा कि जांच में पता चला है कि वहां मौजूद पुलिस कर्मी समय पर एक्शन लेती तो घटना टाली जा सकती है. इस मामले में कुछ अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. घटना दुःखद है और पुलिस अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लेगी.

पहले हो एनकाउंटर तब कराएंगे पोस्टमार्टम

हिमांशु सिंह की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है. पत्नी बदहवास है. परिजन अपराधियों का एनकाउंटर नहीं होने तक हिमांशु के शव का पोस्टमार्टम कराने पर अड़े है. पिता अरविंद सिंह ने कहा कि पुलिस जबतक पुत्र की हत्या करने वाले का एनकाउंटर नहीं करती तबतक बेटे का शव का पोस्टमार्टम नहीं होगा. वहीं, परिजनों ने हिमांशु की पत्नी ऋचा सिंह को एक सरकारी नौकरी देने की मांग भी की है. पिता ने कहा कि हिमांशु घर का एकलौता चिराग था. उन्होंने कहा कि पुलिस और अपराधियों ने मिलकर मेरे पुत्र की हत्या की है. इधर, घटना को लेकर हिमांशु के घर और इलाके में मातम पसरा हुआ है. लोग हिमांशु के घर परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे है. विभिन्न दल के नेता भी उसके घर पहुंचे और परिजनों का हौसला बढ़ाया. हिमांशु का शव अब तक टीएमएच में ही रखा हुआ है.

दोषी पुलिस कर्मियों पर भी केस दर्ज करने की मांग
हिमांशु के परिजन और करणी सेना के लोग दोषी पुलिस कर्मियों पर भी केस दर्ज करने की मांग पर अड़े है. उनका कहना है कि घटना के दौरान मौके पर जितने भी पुलिसकर्मी मौजूद थे उन पर हत्या की धारा के तहत केस दर्ज हो. इसके बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. करनी सेना के हरि सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस की लापरवाही से यह घटना हुई है. बार के बाहर पुलिस वालों के समझ हिमांशु और प्रत्यूष पर चाकू चलाए गए. प्रत्यूष की हालत भी गंभीर बनी हुई है. करनी सेना ने अपराधियों के एनकाउंटर करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम पुलिस को दिया है. एनकाउंटर नहीं होने पर और उग्र आंदोलन किया जाएगा. 

2 और गिरफ्तार, एक दीवाल फांद भाग निकला
इस हत्याकांड को लेकर पुलिस भी लगातार कार्रवाई कर रही है. गम्हरिया निवासी सोनू राम सरदार और राज लोहार को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है. जबकि देर रात छापेमारी कर घटना में शामिल 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उन्हें पुलिस ने देर रात उनके घर से दबोच लिया. वहीं, एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा. वह दीवाल फांद भाग निकला. पुलिस का कहना है कि शेष बचे आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. 

क्या है मामला
डबल डाउन (डीडी) बार में शनिवार की देर रात दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी. छेड़खानी को लेकर शुरू हुए इस विवाद ने खूनी झड़प लिया था. बार के भीतर दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस दौरान खूब लात घुसे चले. इसके बाद बाउंसरों ने दोनों गुटों को बार से बाहर निकाल दिया. इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची. बार के बाहर पुलिस के समक्ष ही चाकू चले. पीसीआर वैन से युवकों को बाहर निकल चाकू चलाया गया. इसमें हिमांशु और प्रत्यूष नामक युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे. हिमांशु की इलाज के दौरान मौत हो गई. जबकि प्रत्यूष की हालत भी गंभीर है. हिमांशु की मौत के बाद सोमवार की रात परिजन और लोगों ने उग्र प्रदर्शन किया था.