जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डबल डाउन बार के बाहर पुलिस के सामने करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह के शव का अंतिम संस्कार बुधवार शाम किया गया. दिन भर चले हो हंगामे के बीच हिमांशु की अंतिम यात्रा उसके घर से निकली है. इसमें काफी संख्या में लोगों को भीड़ उमड़ी. इस दौरान सभी की आंखें नम दिखी. इससे पहले हिमांशु के घर पर दिन भर हंगामा होता रहा. लोग पुलिस के खिलाफ नाराज दिखे. पुलिस और प्रशासन की टीम शव के अंतिम संस्कार के लिए दिन भर परिजनों को मनाती रही. दोपहर में परिजनों पुलिस के समक्ष हंगामा किया. इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और लोगों ने पुलिस का विरोध किया. पुलिस को घर से जाने की बात कही. दरअसल, परिजन मृतक की पत्नी ऋचा सिंह को स्थाई नौकरी दिलाने को मांग कर रहे थे, जबकि प्रशासन का कहना था कि स्थाई नौकरी का प्रावधान नहीं है. यह सुन परिजन और लोग भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया. दोपहर में वहां खूब हंगामा हुआ. लोगों में इतना गुस्सा था कि पुलिस को मौके से परिजन भागने लगे और जमकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की. लोग मृतक की पत्नी को स्थाई नौकरी देने की मांग पर अड़े रहे. इसके बाद सरायकेला डीसी नीतीश कुमार और कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने परिजनों से काफी देर वार्ता की. मृतक की पत्नी को नौकरी देने, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया. फिर जाकर लोग शव का अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए. कड़ी सुरक्षा के बीच हिमांशु के शव को पोस्टमार्टम हाउस से आदित्यपुर स्थित उसके घर लाया गया. शव देख परिजनों में चीख पुकार मच गई. बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट पर हिमांशु के शव का पूरे विधि विधान से अंतिम संस्कार किया गया.
भारी फोर्स देख भड़के लोग
हिमांशु के घर के पास भारी मात्रा में फोर्स की तैनाती की गई थी. मामला तब बिगड़ गया जब रैफ के जवानों को मौके पर उतारा गया. जवानों के हाथों में डंडा देख लोग भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया. लोगों ने इसका विरोध किया और फोर्स हटाने को मांग की. जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित कुमार मीणा, एएसपी ऋषभ द्विवेदी समेत कई थानेदार और पुलिस कर्मी मौके पर मौजूद रहे. हिमांशु की अंतिम यात्रा निकलने के बाद पुलिस महकमने ने राहत की सांस ली. जानकारी हो कि मामल को लेकर पूरे शहर का अलर्ट किया गया था. टीएमएच, बिस्टुपुर थाना, पोस्टमार्टम हाउस और हिमांशु के घर के पास भारी मात्रा में फोर्स को तैनाती की गई थी.
कई नेता पहुंचे, परिजनों को दिया सांत्वना
हिमांशु सिंह के घर बुधवार को कई राजनीतिक दल के नेता पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना दिया. आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की बात कही. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय, विधायक चंपई सोरेन, झामुमो प्रवक्ता कुणाल सारंगी मृतक के आवास पहुंचे. इसके अलावा कई सामाजिक कार्यकर्ता भी हिमांशु के आवास पहुंचे. इस दौरान हिमांशु के परिजनों ने नेताओं को घटना की पूरी जानकारी दी और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. हिमांशु के घर दिन भर लोगों का आना जाना लगा रहा.
बार मालिक नीरज सिंह के घर रेड, गाड़ियां जब्त
बुधवार की शाम डबल डाउन बार के मालिक भाजपा नेता नीरज सिंह के घर पुलिस ने छापेमारी की. लेकिन नीरज सिंह फरार मिले. एडीजी मनोज कौशिक के निर्देश पर डीएसपी दयानंद शाह के नेतृत्व में नीरज सिंह के घर छापेमारी की गई. नीरज सिंह तो फरार मिले लेकिन पुलिस ने उनके घर में रखी दो लग्जरी गाड़ियां जब्त कर बिष्टुपुर थाना ले आई. जानकारी हो कि हिमांशु सिंह की हत्या मामले में नीरज सिंह पर भी केस दर्ज किया गया है. तब से नीरज सिंह फरार हैं.
रघुवर दास ने 3 जुलाई को शहर बंद का किया ऐलान
हिमांशु सिंह के घर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 3 जुलाई को शहर में बढ़ते अपराध के खिलाफ जमशेदपुर बंद का ऐलान किया. 2 जुलाई को मशाल जुलूस निकालने को बात कही. रघुवर दास ने कहा कि आरोपियों पर पुलिस 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं करती है तो 3 जुलाई को शहर बंद किया जाएगा. कारोबारी और लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में अपराध चरम पर है. स्नेचिंग, चापड़बाजी की घटनाओं से लोग दहशत में है. इस दौरान रघुवर ने राज्य सरकार के खिलाफ भी जमकर निशाना साधा.
सरयू राय ने भी 3 जुलाई को बंद का किया ऐलान
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने भी 3 जुलाई को शहर बंद का ऐलान किया है. 2 जुलाई को मशाल जुलूस निकाली जाएगी. विधायक ने कहा कि शहर की लचर पुलिस व्यवस्था के खिलाफ 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद करने का निर्णय लिया गया है. उक्त बातें विधायक ने बुधवार की शाम अपने आवास पर आयोजित बैठक में कही. सरयू राय ने बताया कि 3 जुलाई की बंदी सफल हो, इसके लिए 2 जुलाई को एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी. उसमें सभी समाज, सभी दल के लोगों के साथ-साथ प्रबुद्ध लोग भी शामिल रहेंगे. उन्होंने कहा कि बीते 5 माह में 1300 चापड़ के केस हो चुके हैं. यह किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद चिंतित करने वाला आंकड़ा है.
जोनल आईजी ने की बैठक
इधर, मामले को लेकर जोनल आईजी मनोज कौशिक ने देर रात बैठक की और हिमांशु सिंह हत्याकांड की समीक्षा की. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बचे आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में हत्यारों का बक्शा नहीं जाएगा. वहीं, जिले के नए एसएसपी एहतेशाम वकारिब भी देर रात शहर पहुंचे. सिटी एसपी से घटना की पूरी जानकारी ली. वे गुरुवार को पदभार ग्रहण करेंगे. इधर, पुलिस ने हिमांशु हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल की तस्वीर जारी की. वह फरार है और पुलिस ने उसपर 2 लाख रुपए का इनाम रखा है.

