सरायकेला (saraikela): सरायकेला में रविवार की शाम आसमान से आफत गिरी. वज्रपात से यहां एक बच्ची समेत 2 लोगों की मौत हो गई. जबकि 4 गंभीर रूप से झुलस गए. अन्य कई लोग इसमें बाल- बाल बचे. यह हादसा तब हुआ जब सभी लोग एक पेड़ के नीचे श्राद्ध का भोज खा रहे थे. घटना सरायकेला थाना क्षेत्र मुड़कुम पंचायत के नुआगोड़ा गांव की है. घटना से गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में 9 साल की बच्ची रौशनी सुरेन और सोनू सरदार (32) की मौके पर मौत हो गई. घायलों में मालती सुरेन (6), बेबी सुरेन समेत 2 अन्य शामिल है. घायलों को इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया है. घटना के बाद लोग इधर उधर भागने लगे और किसी तरह अपनी जान बचाई. घटना को लेकर गांव में मातम पसरा है.
अपनी मां का श्राद्ध भोज खा रही थी बच्ची
इस घटना में जिस बच्ची रौशनी सुरेन की मौत हुई, उसकी मां का ही श्राद्ध कर्म चल रहा था. बच्ची समेत अन्य लोग पेड़ के नीचे बैठ भोज खा रहे थे तभी अचानक वज्रपात के साथ बारिश शुरू हुई. पेड़ पर वज्रपात हुआ और लोग इसकी चपेट में आ गए. ग्रामीणों के अनुसार रौशनी सुरेन की मां का निधन हाल ही में हुआ था. उसी का रविवार को श्राद्ध कर्म आयोजित था. पहले मां और अब बच्ची की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है.

