जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): झारखंड में मानसून के दौरान अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है. बारिश नहीं होने के कारण किसान अब तक धान की रोपाई नहीं कर पाए है. अब पहाड़ पूजा से किसान और ग्रामीण अच्छी बारिश की उम्मीद कर रहे है. शनिवार को राज्य की सबसे बड़ी पहाड़ पूजा धूमधाम से की है. पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड में स्थित कान्हाईश्वर पहाड़ पूजा लोगों ने भक्ति भाव से की. इस दौरान क्षेत्र समेत पूरे राज्य में अच्छी बारिश और अच्छी फसल की कामना की है. इसमें तीन राज्यों के श्रद्धालु पहुंचे. झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के श्रद्धालु भी पहुंचे. इसे तीन राज्यों की साझा आस्था का सबसे बड़ा पर्व भी कहा जाता है. लोगों की मान्यता है कि पूजा के दौरान झमाझम बारिश होती है. पूजा के दौरान इलाके में झमाझम बारिश देखी गई. हर साल आषाढ़ महीने के तीसरे शनिवार को कान्हाईश्वर पहाड़ पूजा धूम-धाम से की जाती है. कान्हाईश्वर पहाड़ पूजा राज्य की सबसे बड़ी पहाड़ पूजा मानी जाती है. जयनगर, भंडारू, बिहारीपुर, लोहामलिया, दुआरीशोल, जोड़ाम, चालुनिया, दुबराजपुर, बैकुंठपुर समेत 12 मौजा के ग्रामीण मिलकर इस पहाड़ की पूजा करते है. चाकुलिया प्रखंड के जयनगर गांव में स्थित कान्हाईश्वर पहाड़ का करीब 25 प्रतिशत हिस्सा पश्चिम बंगाल में, जबकि 75 प्रतिशत हिस्सा झारखंड में पड़ता है. मान्यता है कि यहां पूजा करने से अच्छी बारिश होती है और इलाके में सुख-समृद्धि बनी रहती है.
विशाल मेला का हुआ आयोजन
पूजा के दौरान पहाड़ के नीचे विशाल मेले का आयोजन किया गया. यहां ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं की अनोखी तस्वीर दिखी. मेला में कई तरह की दुकानें लगाई गई थी. हजारों की संख्या में लोगों ने मेला का आनंद लिया. वही, पूजा के दौरान मुख्य सड़क पर काफी लम्बा जाम लगा. चाकुलिया प्रखंड पहाड़ पूजा के लिए जाना जाता है. कान्हाईश्वर के अलावा यहां कुल 6 पहाड़ों की पूजा होती है. कान्हाईश्वर के आलावा यहां जमीरा, सातनाला, गोटाशिला, खोड़ीपहाड़ी, घोटिडूबा पहाड़ की पूजा भी धूमधाम से की जाती है. लोग अच्छी बारिश और अच्छी फसल के लिए पहाड़ों की पूजा करते है.
7 जुलाई को होगी गोतशिला पहाड़ की पूजा
कान्हाईश्वर पहाड़ पूजा के अलावा गोटाशिला पहाड़ पूजा के दौरान भी आस्था का अनोखा संगम देखने मिलता है. यहां भी तीन राज्यों के श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचते है. हजारों की भीड़ पूजा के लिए पहुंचती है. गोटाशिला पहाड़ माटियाबांधी पंचायत के घाघरा गांव स्थित है. यहां पहाड़ पूजा 7 जुलाई को की जाएगी. पूजा के दिन विशाल मेला का आयोजन किया जाएगा. पहाड़ पर एक छोटा सा झरना है जो कभी नहीं सूखता है. यहां एक शिव मंदिर भी है.

