जमशेदपुर में हेलमेट चेकिंग पर बवाल, बाइक सवारों से भिड़ी ट्रैफिक पुलिस, वीडियो वायरल
जमशेदपुर में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान रविवार की सुबह बवाल हो गया. बवाल इतना बढ़ा कि लोगों ने पुलिस के साथ हाथापाई और धक्का मुक्की तक कर दी. इस दौरान काफी देर तक वहां हंगामा होता रहा. पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में किया और लोगों को शांत कराया.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान रविवार की सुबह बवाल हो गया. बवाल इतना बढ़ा कि लोगों ने पुलिस के साथ हाथापाई और धक्का मुक्की तक कर दी. इस दौरान काफी देर तक वहां हंगामा होता रहा. पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में किया और लोगों को शांत कराया. बवाल जमशेदपुर के साकची स्थित आमबगान मैदान जाने वाली सड़क पर हुई. बवाल के दौरान काफी संख्या में लोग जुट गए और ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की. ट्रैफिक पुलिस के कर्मी इस मामले में कुछ भी बोलने से बचते दिखे. जमशेदपुर में एक बार फिर हेलमेट चेकिंग शुरू हो गई है. इसके साथ ही विवाद भी बढ़ने लगे है.
जानकारी के अनुसार आम बगान रोड में चेकिंग कर रहे पुलिस कर्मियों में बाइक सवार दो युवकों को जांच के लिए रोकना चाहा. लेकिन बाइक सवार दोनों युवक पुलिस को देख भागने लगे और कुछ दूर जाकर बाइक समेत गिर पड़े. बाइक सवार युवकों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें खदेड़ा इसलिए दोनों गिर पड़े. इसी बीच पुलिस बाइक सवार युवकों के पास पहुँची तो युवक ट्रैफिक पुलिस के एक जवान के साथ धक्का मुक्की करने लगे. बात हाथापाई तक आ गई. इसी बीच काफी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. बाइक सवार युवकों को चोट आई है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
जानकारी हो कि शहर में काफी दिनों तक हेलमेट चेकिंग बंद थी. पुलिस के सामने करनी सेना के मेरा हिमांशु सिंह की हत्या के बाद शहर में पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन हुआ रहा. इसके कारण कई दिनों तक शहर में हेलमेट चेकिंग बंद रही. लेकिन अब फिर से हेलमेट की जांच शुरू हो गई है. रविवार को साकची में हंगामा कर रहे लोगों का कहना था कि काफी दिनों से चेकिंग बंद थी, अब फिर से अचानक चेकिंग शुरू कर दी गई है.