जमशेदपुर: मरीन ड्राइव स्थित यू-टर्न होटल में स्टाफ और युवकों के बीच झड़प, जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर के मरीन ड्राइव स्थित यू-टर्न होटल में रात करीब 11:30 बजे किताडीह के युवकों और होटल कर्मचारियों के बीच सिगरेट खरीदने को लेकर विवाद हुआ, जो गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया. पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई.

जमशेदपुर: मरीन ड्राइव स्थित यू-टर्न होटल में स्टाफ और युवकों के बीच झड़प, जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर(Jamshedpur): जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर स्थित यू-टर्न होटल से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां रात करीब साढ़े 11 बजे होटल कर्मचारियों और कीताडीह के कुछ युवकों के बीच झड़प हो गई. इस घटना के बाद उस वक्त काफी भीड़ जुट गई, जब झड़प की आवाज वहां मौजूद लोगों के कानों तक पहुंची. आपको बता दें कि मामले की जानकारी मिलते ही टाइगर मोबाइल टीम और पुलिस पेट्रोलिंग दल मौके पर पहुंचे और एक युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गए.

अगर सूत्रों की मानें तो कीताडीह के कुछ युवक होटल के अंदर सिगरेट खरीदने आए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर होटल कर्मचारियों और युवकों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बात गाली-गलौज तक पहुंच गई. इसका विरोध करने पर विवाद ने और गंभीर रूप ले लिया और मामला हाथापाई और मारपीट तक जा पहुंचा.

इस दौरान स्थानीय लोगों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने होटल स्टाफ के साथ मिलकर उत्पाती युवकों को वहां से भगा दिया. हालांकि एक युवक मौके पर ही मौजूद रहा, जबकि बाकी युवक वहां से फरार हो गए.घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौके पर मौजूद युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. हालांकि अभी तक दोनों पक्षों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.