जमशेदपुर के परसुडीह में लावारिस हालत में मिली वृद्ध महिला की लाश, जांच कर रही पुलिस 

जमशेदपुर के परसुडीह में लावारिस हालत में मिली वृद्ध महिला की लाश, जांच कर रही पुलिस

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR):जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के बवानगोरा इलाके में एस सोमवार की सुबह सड़क किनारे एक वृद्ध महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इसकी जानकारी स्थानीय मुखिया तथा पुलिस को दी गई.मृतका की पहचान सरजमदा निधि टोला निवासी नागी हांसदा (75 वर्ष) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पति के निधन के बाद वह पिछले तीन-चार वर्षों से बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही थी.उनका कोई स्थायी सहारा नहीं था और वह आसपास के लोगों से भोजन व अन्य जरूरत की चीजें मांगकर अपना गुजारा करती थी.

पढ़िये स्थानीय लोगों का क्या कहना है

अक्सर वह बवानगोरा क्षेत्र में ही रहती थीं और रात भी वहीं सड़क किनारे या आसपास के स्थानों पर बिताती थी.प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार शाम तक उनकी तबीयत सामान्य दिखाई दे रही थी. देर रात जब कुछ स्थानीय लोग उन्हें भोजन देने पहुंचे, तो उन्होंने नागी हांसदा को सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा देखा.जांच करने पर उनकी मौत हो चुकी थी.इसके बाद तत्काल गांव के मुखिया को सूचना दी गई, जिन्होंने परसुडीह थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा खुलासा

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया.पुलिस का कहना है कि वृद्ध महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

रिपोर्ट-रंजीत ओझा