जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में मंगलवार की रात अवैध संबंध के शक में कान्वाई चालक मोहन सोरेन की हत्या कर दी गई. मामला परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला की है. पुलिस ने आरोपी लाइन टोला निवासी जयराम मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है. जयराम मुर्मू ने अपनी से अवैध संबंध के शक में मोहन सोरेन की स्टील की डेकची से सिर पर वार कर हत्या की. बुधवार की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नंदूप गांव का रहे वाला था. परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पत्नी से अवैध संबंध के शक में आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया है. पुलिस ने मृतक का मोबाइल, हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी स्टील की डेकची बरामद कर लिया है.
पत्नी के साथ सोते देख खोया आपा
आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि मंगलवार की रात जब वह ड्यूटी से घर लौटा तो मोहन सोरेन को उसकी पत्नी के साथ सोते देख लिया. इसी कारण उसने अपना आपा खो दिया और मोहन के सिर पर डेकची से कई वार किए. इसी बीच आरोपी की पत्नी अपने बच्चों को लेकर वहां से भाग निकली. बताया जा रहा है कि मृतक आरोपी की पत्नी को मामी बुलाता था. मृतक का आरोपी के घर अक्सर आना जाना लगा रहता था. पत्नी से अवैध संबंध के शक में पहले भी आरोपी का मृतक से विवाद हो चुका था. लेकिन मंगलवार को रात इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोपी ने मृतक पर इतने वार किए कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
सुबह घर लौटी आरोपी की पत्नी
इधर, आरोपी की पत्नी सविता मुर्मू ने पुलिस को बताया है कि पति उसपर अवैध संबंध का गलत आरोप लगा रहा है. मोहन सोरेन मंगलवार की रात घर में ही था. सभी सो रहे थे. तभी पति घर पहुंच गया. पति ने मुझपर मोहन के साथ सोने का गलत आरोप लगाया और मोहन के साथ मारपीट शुरू के दी. मेरे साथ भी मारपीट की और मुझे घर से भगा दिया. डर से मैं अपने दोनों बच्चों को लेकर वहां से चली गई. सुबह जब घर वापस लौटी तो मोहन की हत्या की जानकारी मिली.


