बड़ी खबर: डीडी बार मामले में 2 लाख के इनामी मुख्य आरोपी ने किया सरेंडर! कोर्ट पहुंचा विश्वनाथ उर्फ बोदरा

बड़ी खबर: डीडी बार मामले में 2 लाख के इनामी मुख्य आरोपी ने किया सरेंडर! कोर्ट पहुंचा विश्वनाथ उर्फ बोदरा

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम के चर्चित डीडी बार (DD Bar) हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. लंबे समय से फरार चल रहा और 2 लाख रुपये का इनामी मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने बुधवार को जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. आरोपी ने न्यायिक दंडाधिकारी विशाल गौरव की अदालत में सरेंडर किया, जिसके बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है, ताकि हत्या की साजिश और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके.

यह मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार में हुई चाकूबाजी की घटना से जुड़ा है. आरोप है कि विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने अपने साथियों के साथ मिलकर हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया था. गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रत्युष सिंह घायल अवस्था में बच गए. इस वारदात के बाद पूरे जमशेदपुर में आक्रोश फैल गया था और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ करणी सेना ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किए थे.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया था. तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के बावजूद मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था. उसकी गिरफ्तारी के लिए 2 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था. लगातार बढ़ते पुलिस दबाव के बीच आखिरकार उसने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया. इस मामले में बिष्टुपुर थाना पुलिस ने कुल 10 नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी. अब तक पुलिस 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. वहीं, डीडी बार के मालिक नीरज सिंह को भी राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है, जिसे जल्द जमशेदपुर लाकर पूछताछ की जाएगी.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी के सरेंडर के बाद अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी. रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर हत्या की साजिश, वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और पूरे नेटवर्क से जुड़े अहम तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा. वहीं, पीड़ित परिवार और विभिन्न संगठनों ने सभी दोषियों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई कर उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग दोहराई है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.